जम्मू कश्मीर / उधमपुर में दर्दनाक बस हादसा: 16 यात्रियों की मौत, 20 घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में दर्दनाक बस हादसा: 16 यात्रियों की मौत, 20 घायल; पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
उधमपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है।
Pained to hear about the loss of lives due to a bus accident in Udhampur, Jammu and Kashmir. I extend my heartfelt condolences to those who have lost their near and dear ones. I pray for the speedy recovery of the injured.
An ex gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to…
— PMO India (@PMOIndia) April 20, 2026
जिले के रामनगर कघोट इलाके में एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 अन्य यात्री घायल हो गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित हुई बस
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ जब एक यात्री बस रामनगर क्षेत्र के एक दूर-दराज गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी।
पहाड़ी सड़क पर एक खतरनाक मोड़ से गुजरते समय बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग देवदूत बनकर सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे से घायलों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
कुछ ही देर में पुलिस और अन्य आपातकालीन बचाव टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और पीड़ितों को सुरक्षित निकालने का अभियान तेज कर दिया।
घायलों में कई की हालत नाजुक
अधिकारियों ने बताया कि बस के मलबे से शुरुआत में 15 शव बरामद किए गए थे, जिसके बाद कुल मौतों का आंकड़ा 16 तक पहुंच गया।
इस हादसे में 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से कई की हालत बेहद ‘गंभीर’ बनी हुई है, जिसके चलते मृतकों की संख्या में इजाफा होने की आशंका है।
पीएम मोदी और एलजी मनोज सिन्हा ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भीषण बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (X) पर शोक जताते हुए लिखा, “जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना के कारण हुई जान-माल की हानि के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ।”
इसके साथ ही पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (LG) मनोज सिन्हा ने भी इस घटना को हृदयविदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित परिवारों व घायलों को तत्काल हर संभव सहायता व बेहतरीन चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के सख्त निर्देश दिए हैं।











