UP Storm 96 Deaths CM Yogi

यूपी में तूफान का कहर: 96 की मौत, मुआवजे पर CM सख्त

यूपी में आंधी-तूफान का बरपा कहर: 96 लोगों की दर्दनाक मौत, CM योगी ने 24 घंटे में मुआवजा देने के दिए निर्देश”

लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश में बुधवार का दिन कुदरत के भीषण कहर का गवाह बना। प्रदेश के कई जिलों में अचानक आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है।

आंधी-पानी, बिजली गिरने और पेड़ व मकान ढहने की घटनाओं में अब तक 96 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सबसे ज्यादा जनहानि वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर मंडल में दर्ज की गई है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकान ढह गए, टीन शेड उड़ गए और किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।


किस जिले में कितनी मौतें? (आंकड़े)

तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के कारण गिरे पेड़ों और बिजली के खंभों की चपेट में आने से कई जानें गईं। जिलेवार मौतों का आंकड़ा इस प्रकार है:

  • भदोही: 18

  • प्रयागराज: 17

  • मिर्जापुर: 15

  • फतेहपुर: 10

  • उन्नाव और बदायूं: 6-6

  • प्रतापगढ़ और बरेली: 4-4

  • सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल: 2-2

  • कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर खीरी: 1-1


CM योगी का सख्त निर्देश: 24 घंटे में मिले मुआवजा

प्रदेश में बेमौसम बारिश और तूफान से मची इस तबाही पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

  • राहत कार्य: सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों (DM) और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।

  • मुआवजा: उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि आंधी और बिजली गिरने से हुए नुकसान का आकलन कर पीड़ितों को 24 घंटे के अंदर मुआवजे की राशि सौंप दी जाए।


यातायात और बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित

तूफान की वजह से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगहों पर विशाल पेड़ और बिजली के पोल गिरने से घंटों तक बिजली गुल रही और सड़कों पर आवाजाही ठप हो गई। रेलवे यातायात पर भी इसका भारी असर पड़ा:

  • दिल्ली-हावड़ा रूट: फतेहपुर में रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) लाइन टूट गई।

  • इसके कारण यह प्रमुख रूट करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा और कानपुर से गुजरने वाली 22 ट्रेनें फंसी रहीं। शाम 6 बजे के बाद ही ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू हो सका।

  • प्रयागराज-जौनपुर खंड: थरवई और सरायचंडी रेलवे स्टेशन के बीच (गेट नंबर 8-C) एक भारी-भरकम पेड़ अप और डाउन दोनों लाइनों पर गिर गया, जिससे इस व्यस्त रूट पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया।

  • अन्य रूट: लखनऊ और प्रतापगढ़ रेल मार्ग पर भी आंधी के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।

प्रशासन फिलहाल राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और रास्तों से गिरे हुए पेड़ों व खंभों को हटाने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है।