UP Storm Lightning Deaths

यूपी में आंधी-तूफान का कहर, 28 लोगों की मौत, CM का राहत का निर्देश

यूपी में नौतपा के बीच कुदरत का कहर : आंधी-तूफान और वज्रपात से 28 लोगों की मौत, CM योगी ने दिए तत्काल राहत के निर्देश “

लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच बृहस्पतिवार देर रात और शुक्रवार को मौसम ने अचानक भयानक करवट ली।

प्रदेश के पश्चिमी, पूर्वी और तराई क्षेत्रों में तेज आंधी, झमाझम बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है।

आंधी के कारण जहां सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, वहीं कई कच्चे मकानों की दीवारें और टिनशेड ढह गए।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने और हादसों में कुल 28 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्राकृतिक आपदा का कड़ा संज्ञान लेते हुए सभी जिलाधिकारियों (DMs) को बचाव कार्य तेज करने और प्रभावितों को जल्द से जल्द राहत राशि जारी करने के निर्देश दिए हैं।

तबाही का मंजर: कहां, कितनी मौतें हुईं?

मौसम की इस मार का सबसे ज्यादा असर बुंदेलखंड और आसपास के इलाकों में देखने को मिला है। प्रदेश भर में हुई मौतों का आंकड़ा इस प्रकार है:

  • बुंदेलखंड (सबसे ज्यादा 10 मौतें): बांदा और हमीरपुर में 3-3, जबकि महोबा और उरई में 2-2 लोगों की जान गई।

  • कौशाम्बी: आकाशीय बिजली और हादसों में 4 लोगों की मौत।

  • देवरिया और सहारनपुर: देवरिया में बिजली गिरने से 2 की मौत। वहीं सहारनपुर के शाकंभरी देवी क्षेत्र में शिवालिक पहाड़ियों पर मूसलधार बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ (Flash Flood) की चपेट में आकर 2 महिलाओं की जान चली गई।

  • रायबरेली और अंबेडकरनगर: रायबरेली में टिनशेड के नीचे दबकर 50 वर्षीय शकुंतला की मौत हुई, जबकि अंबेडकरनगर में बिजली गिरने से 50 वर्षीय इंद्रजीत ने दम तोड़ दिया।

  • अन्य जिले: आगरा (1 रिक्शाचालक), मथुरा, उन्नाव, फतेहपुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़, बलिया और भदोही में 1-1 व्यक्ति की मौत दर्ज की गई है।

रेलवे ट्रैक और बिजली आपूर्ति ठप

तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

  • कानपुर-मुंबई रेलमार्ग: जालौन के पास उरई रेलखंड पर एक रेलवे भवन की छत उड़कर हाई-टेंशन ओएचई (OHE) लाइन पर गिर गई। इससे तार टूट गए और 6 घंटे तक ट्रेनों का संचालन ठप रहा।

  • गोरखपुर रूट: रेलवे ट्रैक पर भारी भरकम पेड़ गिरने से ओएचई तार टूट गया, जिससे 10 से ज्यादा ट्रेनें कई घंटों तक फंसी रहीं।

भीषण गर्मी से मिली राहत, कई जिलों में गिरे ओले

इस आंधी-बारिश ने जानमाल का नुकसान तो किया, लेकिन झुलसाती गर्मी से लोगों को बड़ी राहत भी दी।

  • प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है।

  • सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी यूपी के मिर्जापुर (100 मिमी), अयोध्या (90 मिमी), और प्रयागराज (61 मिमी) में रिकॉर्ड की गई।

  • पश्चिमी यूपी में सहारनपुर (32 मिमी) सबसे ज्यादा भीगा। सीतापुर, बदायूं और झांसी समेत कई इलाकों में ओले भी गिरे।

मौसम विभाग का ताजा अलर्ट: आज फिर आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए प्रदेश भर में अलर्ट जारी किया है। नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

अलर्ट का प्रकार

प्रभावित प्रमुख जिले

ऑरेंज अलर्ट

(50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी व गरज-चमक)

बांदा, प्रयागराज, गोरखपुर, सहारनपुर, आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, झांसी, महोबा, कानपुर नगर, सोनभद्र समेत प्रदेश के सभी जिले और उनके आसपास के क्षेत्र।

भारी वर्षा की चेतावनी

बांदा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर।