सोलन – जिले में धूमधाम से मनाया गया दशहरा पर्व, जलाये गए रावण के पुतले

“सोलन के अलावा कंडाघाट, चायल, कसौली, धर्मपुर, नौणी जाबली, परवाणू, बद्दी, नालागढ़ और अर्की-कुनिहार सहित कई अन्य स्थानों पर भी यह पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया”

सोलन 13 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट 

दोपहर के बाद ऐतिहासिक ठोडो मैदान में रावण दहन के लिए लोगों की भीड़ उमडऩे लगी। यहां पर रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के ऊंचे पुतले लगाए गए थे।

जैसे ही शाम ढलने लगी भगवान राम अपनी सेना के साथ रावण पर आक्रमण करते हुए मैदान में दिखाई दिए। इस दौरान शहर के माल रोड से होते हुए ठोडो मैदान तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें राम-लक्ष्मण सीता और हनुमान की झांकी भी शामिल थी।

लोग भगवान श्रीराम और उनके परिवार के दर्शन करने के लिए उमड़ पड़े। ठोडो मैदान में रामलीला का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें रावण वध का मंचन किया गया।

जगदंबा रामलीला मंडल सोलन द्वारा इस शोभायात्रा का आयोजन किया गया था। यह यात्रा रामलीला स्थल गंज बाजार से शुरू होकर अपर बाजार, पुराना बस स्टैंड, माल रोड, डीसी ऑफिस और राजगढ़ रोड होते हुए ठोडो मैदान तक पहुंची।

संध्या के समय राम-रावण युद्ध का भव्य मंचन किया गया, जिसमें रावण और कुंभकर्ण वध के दृश्य दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण बने। इसके बाद रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।

पुतले जलने के बाद स्थानीय बाजार में भरत मिलाप का आयोजन भी किया गया। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डा. कर्नल धनी राम शांडिल ने दशहरे के मौके शुभकामनाएं देते हुए लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का ध्यान रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, और इस अवसर पर हमें न सिर्फ बाहरी बल्कि आंतरिक बुराइयों से भी लडऩे की प्रेरणा लेनी चाहिए।