Pokhara to Kathmandu bus crash

“नेपाल में भीषण जल-प्रलय: त्रिशूली नदी में समाई यात्री बस, 18 की मौत; पोखरा से काठमांडू जा रहे थे यात्री”

“पड़ोसी देश नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ”

धादिंग/काठमांडू : The Politics Again  : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पोखरा से राजधानी काठमांडू की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पृथ्वी राजमार्ग से करीब 300 मीटर नीचे त्रिशूली नदी में जा गिरी।

इस भीषण दुर्घटना में कम से कम 18 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 27 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

अंधेरे और नदी के बहाव ने रोकी राह

स्थानीय मीडिया के अनुसार, हादसा रात करीब 1:00 बजे (भारतीय समयानुसार) चिनाधारा क्षेत्र के पास हुआ। बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी बताए जा रहे हैं।

रात का समय होने और नदी के तेज बहाव के कारण बचाव अभियान में काफी चुनौतियां आईं। नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय लोगों ने मिलकर घंटों की मशक्कत के बाद घायलों को मलबे से बाहर निकाला।

मृतकों और घायलों का विवरण

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में 6 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। घायलों में 8 महिलाएं, 18 पुरुष और एक मासूम बच्ची शामिल है, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

हादसे की वजह: लापरवाही या खराब सड़क?

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि बस भैसेपाटी इलाके के पास तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हो गई थी।

सड़क की खराब स्थिति और बस में क्षमता से अधिक यात्रियों के होने की संभावना की भी जांच की जा रही है। बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है।