RSS Sports Dialogue Meerut

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 2 दिन के मेरठ दौरे पर: राजनेताओं की ‘नो-एंट्री’; सुरेश रैना और भुवी समेत 500 खिलाड़ियों से करेंगे संवाद

“राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत अपने दो दिवसीय प्रवास के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मेरठ पहुंच गए हैं”

मेरठ : THE POLITICS AGAIN : शिल्पा की रिपोर्ट 

बृहस्पतिवार रात लखनऊ से वंदे भारत ट्रेन के जरिए मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचे भागवत का संघ के स्वयंसेवकों ने भव्य स्वागत किया।

उनका यह दौरा बेहद खास है, क्योंकि इसमें राजनेताओं को पूरी तरह से दूर रखा गया है। सरसंघचालक का मुख्य फोकस खिलाड़ियों, युवाओं और समाज के प्रबुद्ध वर्गों से सीधा संवाद करना है।

राजनेताओं की ‘नो-एंट्री’, सुरक्षा के कड़े प्रबंध

जेड प्लस (Z+) सुरक्षा प्राप्त डॉ. भागवत शताब्दीनगर स्थित ‘माधवकुंज’ में ठहरे हुए हैं।

  • कड़ी सुरक्षा: सुरक्षा इतनी सख्त है कि बिना प्रवेशिका (Pass) के आरएसएस के स्थानीय पदाधिकारियों को भी माधवकुंज में जाने की अनुमति नहीं है।

  • नेताओं से दूरी: इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान किसी भी राजनेता को कार्यक्रम स्थल के आस-पास फटकने या भागवत से मिलने की अनुमति नहीं दी गई है।

  • कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने के लिए 30 विभिन्न व्यवस्थाओं में स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है और एक बड़ा वाटर प्रूफ जर्मन हैंगर लगाया गया है।

आज (20 फरवरी) का कार्यक्रम: ‘खिलाड़ी संवाद गोष्ठी’

शुक्रवार (20 फरवरी) को सरसंघचालक माधवकुंज के सामने स्थित मैदान में मेरठ और ब्रज प्रांत के करीब 500 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों (Coaches) के साथ सीधा संवाद करेंगे।

  • प्रमुख चेहरे : इस खास कार्यक्रम में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार, प्रो. युद्धवीर सिंह और कई पैरा-एथलीट शामिल होंगे। कुल 28 जिलों के खिलाड़ी इसमें शिरकत कर रहे हैं।

  • संवाद का तरीका : दोपहर के भोजन के बाद लगभग 1 बजे मोहन भागवत का मुख्य संबोधन होगा। इसके बाद खिलाड़ी पर्ची पर अपने प्रश्न लिखकर देंगे, जिनका सरसंघचालक मंच से उत्तर देंगे।

21 फरवरी को प्रबुद्ध जनों से मुलाकात और प्रस्थान

अपने दौरे के दूसरे दिन (21 फरवरी) मोहन भागवत समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख और प्रबुद्ध लोगों के साथ संवाद करेंगे। इस बैठक के बाद वह अपने अगले प्रवास के लिए उत्तराखंड रवाना हो जाएंगे।