‘PoK कांग्रेस ने गंवाया, बीजेपी वापस लेगी – अमित शाह
“केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि PoK कांग्रेस ने गंवाया लेकिन उसे वापस लेने का काम बीजेपी करेगी। उन्होंने कहा कि इस देश में आतंकवाद के पनपने और फैलने की वजह कांग्रेस की तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति रही है”
नई दिल्ली 31 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
राज्य सभा में अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि पहलगाम के आतंकियों को सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन महादेव में मार गिराया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आतंकियों ने निर्दोष लोगों के सिर में गोली मारी थी उसी तरह से एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों की कार्रवाई में उनकी भी खोपड़ी उड़ गई। अमित शाह ने ऑपरेशन महादेव नाम पर सवाल उठाए जाने पर कहा कि हर-हर महादेव सिर्फ धर्म का नारा नहीं है। यह हमारे सुरक्षाबलों का उद्घोष है।
कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त करना पीएम मोदी का संकल्प
उन्होंने ऑपरेशन महादेव के समय को लेकर सवाल उठाए जाने पर कहा कि इस तरह का सवाल उठाना ठीक नहीं है। हमारे सुरक्षाबलों ने कितनी कठिन परिस्थितियों में दुर्गम इलाके में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है।
उनके साहस और शौर्य को सलाम करना चाहिए। अमित शाह ने कहा कि कश्मीर आतंकवाद से मुक्त होकर रहेगा इसके लिए सरकार दृढ़संकल्प है। यह नरेंद्र मोदी का संकल्प है।











