PM की अपील: CM मोहन यादव ने घटाया अपना काफिला
MP में PM मोदी की अपील का बड़ा असर: CM मोहन यादव ने घटाया अपना काफिला, 13 की जगह अब चलेंगी सिर्फ 8 गाड़ियां”
भोपाल: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचाने की अपील का मध्य प्रदेश में त्वरित असर देखने को मिला है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रहित में एक बड़ा कदम उठाते हुए आगामी आदेश तक अपने कारकेड (काफिले) में वाहनों की संख्या घटा दी है।
अब मुख्यमंत्री के काफिले में 13 के बजाय केवल 8 गाड़ियां ही चलेंगी। इसके साथ ही राज्य सरकार ने मंत्रियों और नवनियुक्त पदाधिकारियों के लिए भी सादगी और सार्वजनिक परिवहन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
काफिले से लेकर रैलियों तक पर पाबंदी
सोमवार को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित करने की अपील की थी। इसके बाद सरकार ने जो निर्देश जारी किए हैं, उनके प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं:
-
रैलियों पर रोक: मुख्यमंत्री के किसी भी भ्रमण के दौरान अब कोई वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी।
-
मंत्रियों के लिए निर्देश: सभी मंत्रीगण अपनी यात्राओं में न्यूनतम वाहनों का प्रयोग करेंगे।
-
नवनियुक्त पदाधिकारियों को हिदायत: निगम-मंडलों के नवनियुक्त पदाधिकारी अपना कार्यभार बिल्कुल सादगी से ग्रहण करेंगे और पदभार ग्रहण करते समय किसी भी प्रकार की वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी।
कैसा होगा CM का नया कारकेड (काफिला)?
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भोपाल में स्थानीय भ्रमण के दौरान अब उनके काफिले में केवल 8 वाहन ही शामिल होंगे। इनका क्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है:
-
पायलेट (Pilot)
-
मीडिया कार (Media Car)
-
एस्कोर्ट-1 (Escort-1)
-
वीआईपी कार (VIP Car – जिसमें CM होंगे)
-
एस्कोर्ट-2 (Escort-2)
-
स्पेयर / बी.आर. कार (Spare Car)
-
एंबुलेंस (Ambulance)
-
टेल कार (Tail Car)
क्या थी PM मोदी की अपील?
गौरतलब है कि रविवार को एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऊर्जा संरक्षण और बहुमूल्य विदेशी मुद्रा बचाने के लिए देशवासियों को कई अहम सुझाव दिए थे।
उन्होंने शहरी क्षेत्रों में मेट्रो के ज्यादा उपयोग, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) के बढ़ते इस्तेमाल और ‘वर्क फ्रॉम होम’ (Work From Home) को बढ़ावा देने की बात कही थी।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए एक वर्ष तक सोने (Gold) की खरीद और अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालने का भी सुझाव दिया था। मध्य प्रदेश सरकार अब इस दिशा में गंभीरता से अमल कर रही है।











