जालंधर में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते और जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

जालंधर में पीएम मोदी की हुंकार, ‘आप’ को बताया ‘कट्टर बेईमान’

जालंधर में पीएम मोदी की हुंकार: पंजाब को 5472 करोड़ की सौगात; ‘आप’ सरकार को बताया ‘कट्टर बेईमान’

जालंधर: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर से आगामी विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंक दिया है।

पंजाब को विकास की बड़ी सौगातें देते हुए पीएम मोदी ने जालंधर में 5472 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

विकास कार्यों के साथ-साथ उन्होंने मंच से पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर अब तक का सबसे तीखा राजनीतिक हमला बोला और उसे ‘कट्टर बेईमान’ पार्टी करार दिया।

विकास की सौगात और संत रविदास ट्रेन को हरी झंडी

जालंधर पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने सबसे पहले ‘अमृत स्टेशन योजना’ के तहत पुनर्विकसित किए गए जालंधर कैंट स्टेशन का लोकार्पण किया।

  • इसके बाद उन्होंने अमृतसर के छरहटा से वाराणसी तक जाने वाली ‘संत रविदास जी’ के नाम से शुरू की गई विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

  • इस ट्रेन में डेरा सचखंड बलां के प्रमुख संत निरंजन दास भी जालंधर से वाराणसी के लिए रवाना हुए।

  • इसके अलावा पीएम मोदी ने पंजाब की जनता को दो अहम सड़क परियोजनाएं भी समर्पित कीं। मंच पर हरी पगड़ी पहनकर पीएम ने खुद को पंजाब और पंजाबियत से जोड़ने का संदेश दिया।

‘पंजाब में थाने सुरक्षित नहीं, नशे में डूब रहे युवा’

पीएम मोदी ने पंजाब की बदहाल होती कानून व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा:

  • “पंजाब में आज जो हो रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है। लोगों के साथ विश्वासघात किया जा रहा है। कानून व्यवस्था का हाल यह है कि कब कहां गैंगवार हो जाए और गोलियां चल जाएं, कुछ पता नहीं।”

  • “व्यापार करना मुश्किल हो गया है। यहां तो थाने तक सुरक्षित नहीं हैं, उन पर भी हमले हो रहे हैं और खुलेआम फिरौतियां मांगी जा रही हैं।”

  • युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि यह सबसे दुखद दौर है, नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं और पंजाब की नई पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है।

‘कट्टर बेईमान पार्टी’ पर सीधा वार

बिना नाम लिए आम आदमी पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग देश की राजनीति बदलने का दावा करते थे, आज पूरा देश उनकी सच्चाई देख रहा है।

  • नेताओं के दाग: पीएम ने कहा कि इनके एक नेता को दिल्ली में दंगे कराने और आईबी अफसर की हत्या में दोषी करार दिया गया है, तो वहीं गुजरात में इनके एक विधायक को सरकारी अधिकारी पर हमले में 7 साल की सजा हुई है।

  • वसूली और भ्रष्टाचार: मोदी ने कहा कि “वसूली, उगाही और अवैध कब्जे इनकी राजनीति का ट्रेडमार्क बन गए हैं।”

  • मंत्रियों पर आरोप: उन्होंने याद दिलाया कि कैसे पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री को घूसखोरी में बर्खास्त करना पड़ा, एक मंत्री पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है और विधायक रिश्वत लेते पकड़े जा रहे हैं।

  • “सरकार में ऐसे लोग ढूंढने से नहीं मिलेंगे जिन पर दाग न हो, इनकी पहचान कट्टर बेईमान पार्टी की बन चुकी है।”

‘केंद्रीय बजट की लूट और योजनाओं पर अपना स्टीकर’

प्रधानमंत्री ने पंजाब सरकार पर केंद्र से मिलने वाले फंड के दुरुपयोग का बड़ा आरोप लगाया।

  • उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के गांवों, सड़कों और मंडियों के लिए जो फंड भेजती है, उसमें यहां लूट-घसूट हो जाती है। विकास के नाम पर सिर्फ कर्ज लिया जा रहा है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है।

  • मोदी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं पर अपना स्टीकर लगा रही है। ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का नाम बदल दिया गया है और 5 लाख रुपये के मुफ्त इलाज की योजना में खेल कर दिया गया है।

  • महिलाओं को हर महीने आर्थिक मदद (1000 रुपये) के वादे पर भी पीएम ने तंज कसा और कहा कि अगर वह योजना शुरू होती तो अब तक महिलाओं के खाते में 50 हजार रुपये पहुंच गए होते, लेकिन सरकार बनने के बाद ये लोग चुप बैठ गए।

पंजाब के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार जरूरी

पीएम मोदी ने पंजाब के किसानों और कर्मचारियों की समस्याएं गिनाते हुए ‘डबल इंजन’ की सरकार को राज्य के लिए जरूरी बताया।

  • उन्होंने पड़ोसी राज्य हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 24 फसलों पर MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) मिलता है, जबकि पंजाब में केवल दो फसलों पर।

  • हरियाणा में कर्मचारियों को 60 प्रतिशत DA (महंगाई भत्ता) दिया जा रहा है, जबकि पंजाब में इसकी कोई गारंटी नहीं है और कर्मचारी सड़कों पर हैं। पीएम ने स्पष्ट किया कि इन सभी समस्याओं का एकमात्र समाधान पंजाब में डबल इंजन की सरकार लाना है।