पीलीभीत : सीवर टैंक में सफाई करने उतरे दंपती समेत तीन की मौत
“पीलीभीत के माधोटांडा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेल्हा में बुधवार को दर्दनाक घटना हुई। नए सीवर टैंक की सफाई के दौरान पुराने टैंक से गैस रिसाव हो गया, जिससे दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई”
पीलीभीत 04 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
पीलीभीत के माधोटांडा क्षेत्र में बुधवार को सीवर टैंक में सफाई करने उतरे दंपती समेत परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया। पुराने टैंक के पास ही नए टैंक की सफाई के दौरान हादसा हुआ। तीनों के शव बाहर निकाले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेल्हा में बुधवार शाम करीब चार बजे हुई। ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी प्रल्हाद मंडल (60 वर्ष) ने कुछ दिन पूर्व घर के बाहरी हिस्से में शौचालय का निर्माण कराया था।
जिसके सीवर टैंक का साइज छोटा होने के कारण दिक्कत आने लगी। इसको देख प्रल्हाद ने पास में ही करीब आठ फुट गहराई में गड्ढा खोदकर नए टैंक का निर्माण शुरू कराया था। अधिकांश कार्य पूरा हो चुका था। टैंक के ऊपर स्लैब भी रख दिया गया था।
बुधवार को प्रल्हाद अपनी पुत्री तनु विश्वास (32 वर्ष) और तनु के पति कार्तिक विश्वास (40 वर्ष) के साथ सफाई करने के लिए टैंक में नीचे उतरे। बताया जाता है कि कार्य के दौरान किसी तरह पास में बने पुराने टैंक से गैस का रिसाव हो गया। जब तक तीनों लोग टैंक से रिसते दम घोटू गैस को समझकर बाहर निकलते। तब तक गहराई अधिक होने से दम घुटने से तीनों की मौत हो गई।











