हिमाचल / मंडी : सराज में मूसलाधार बारिश से डरे लोग
“सराज घाटी में रविवार रात और सोमवार को दिन में हुई भारी बारिश से लोग फिर खौफजदा हो गए। सड़कें बाधित होने से सराज घाटी का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है”
मंडी 22 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की सराज घाटी में रविवार रात और सोमवार को दिन में हुई भारी बारिश से लोग फिर खौफजदा हो गए। सड़कें बाधित होने से सराज घाटी का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। घाटी की प्रमुख सड़कें और संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। बिजली, पानी और अन्य सुविधाएं फिर से ठप हो गई हैं।
सराज के जरोल गासणु बाजार में सोमवार सुबह पानी घुसने से अफरातफरी मच गई। जंजैहली की बाखली खड्ड का जलस्तर बढ़ने से रविवार आधी रात को कुथाह, लंबाथाच और थुनाग के लोग घरों से बाहर निकले और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
जरोल के लोगों ने जलस्तर बढ़ता देख अपने वाहन भी निकाल लिए। पांडवशिला के पास सड़क टूट गई और लंबाथाच कॉलेज के पास पहाड़ी दरकने से चैलचौक जंजैहली मार्ग बंद हो गया है।पंचायत जैशला के भैचडी गांव में भूस्खलन हो रहा है।
बालीचौकी की पंचायत कशौड़ में कल्हणी-पंडोह सड़क पर भारी भूस्खलन हुआ है। इससे कशौड़ गांव पर संकट मंडरा रहा है। लंबाथाच में बारिश के चलते जलस्तर बढ़कर कॉलेज ग्राउंड तक पहुंच गया है।
पंचायत मुरहाग के प्रधान कर्म सिंह ने बताया कि मनरेगा पार्क में होने वाला भराड़ी माता (बगलामुखी) मेला स्थगित कर दिया गया है। मंडी-चैल-जंजैहली मुख्य सड़क लेहगला से थुनाग और थुनाग से जंजैहली तक कई स्थानों पर बंद हो गई है। रानाबाग, केलोधार, गाड़ागुसैन और बिलागढ़ मगरूगला छतरी से होकर गुजरने वाली सड़कें कई जगह अवरुद्ध हैं।
जंजैहली-मगरूगला सड़क, सनारली शंकरदेहरा-रायगढ़ और जंजैहली-रायगढ़ मार्ग भी बाधित है। लंबाथाच-शैटाधार और लंबाथाच-शिल्हीबागी-कल्हनी मार्ग भी जगह-जगह बंद हो गए हैं। प्रशासन और पीडबल्यूडी की टीमें सड़कों को बहाल करने में जुटी हुई हैं।











