पहलगाम आतंकी हमला : पाकिस्तान के एक्स अकाउंट को किया गया सस्पेंड
“पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और कार्रवाई की है। मोदी सरकार ने पाकिस्तान सरकार का एक्स अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया है। पाकिस्तान सरकार का सोशल मीडिया हैंडल अब नहीं दिखेगा”
नई दिल्ली 24 / 04 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के बीच भारत में पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट को बंद (सस्पेंड) कर दिया गया है। यह कदम सिंधु जल संधि को निलंबित करने और वरिष्ठ पाकिस्तानी राजनयिक कर्मचारियों को निष्कासित के बाद उठाया गया है।
यह कूटनीतिक फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक के एक दिन बाद आया है। यह बैठक पहलगाम में 23 अप्रैल को हुए हमले पर भारत की प्रतिक्रिया निर्धारित करने के लिए बुलाई गई थी।
बुधवार शाम को एक प्रेस वार्ता में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि भारत में पाकिस्तानी उच्चायोग में कर्मियों की संख्या 55 से घटाकर 30 किया जाएगा। भारत ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग से सभी रक्षा, नौसेना और वायु सलाहकारों को भी निष्कासित कर दिया है।
इन व्यक्तियों को अवांछित व्यक्ति घोषित किया गया है और उन्हें एक सप्ताह के भीतर देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। इसी तरह, भारत इस्लामाबाद स्थित अपने उच्चायोग से अपने सैन्य सलाहकारों को वापस बुलाएगा। दोनों मिशनों में सेवा सलाहकारों को सौंपे गए पांच सहायक कर्मचारियों को भी वापस बुलाया जाएगा।
भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सार्क वीजा छूट योजना को भी निलंबित कर दिया है। पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी मौजूदा वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं। सीसीएस ने अटारी में एकीकृत चेक पोस्ट को तत्काल बंद करने का भी आदेश दिया, जो भारत और पाकिस्तान के बीच एकमात्र चालू भूमि सीमा क्रॉसिंग है। वैध दस्तावेजों के साथ भारत में प्रवेश करने वाले पाकिस्तानी नागरिक 1 मई की समय सीमा से पहले वापस लौट सकते हैं।
पाकिस्तान आज करने जा रहा बड़ी बैठक
वहीं, भारत की कार्रवाइयों के जवाब में पाकिस्तान गुरुवार को सिंधु जल संधि को निलंबित करने और राजनयिक संबंधों को कम करने के भारत के कदम पर उचित प्रतिक्रिया तैयार करने के लिए एक उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक कर रहा है। रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में तीनों सेना प्रमुख और महत्वपूर्ण मंत्री शामिल होंगे।
उधमपुर में एनकाउंटर जारी, एक जवान शहीद
उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया है। आतंकी पहाड़ की चोटी वाले इलाके में घने जंगलों में छिपे हुए हैं। भारतीय सेना, पैरा और जेकेपी की संयुक्त टीम इस मुठभेड़ में शामिल है। डुडु बसनतगढ़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है।
भारतीय सेना के अनुसार यह जंगल क्षेत्र भारतीय सेना की 9वीं और 16वीं कोर की सीमा पर स्थित है और प्राकृतिक गुफाओं और आतंकवादियों के लिए छिपने की जगह से भरा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार 2 आतंकवादी देखे गए, जिन्होंने जवानों पर गोली चलाई। भारतीय सेना, पैरा और जेकेपी ने जवाब दिया और गोलीबारी की। पहाड़ी क्षेत्र की चोटी का यह इलाका उधमपुर सामान्य क्षेत्र के अंतर्गत आता है। फिलहाल मुठभेड़ जारी है।
शाम 6 बजे होगी ऑल पार्टी मीटिंग
पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले को लेकर सरकार ने शाम 6 बजे ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई है। हालांकि, पीएम मोदी के कार्यक्रम के चलते जेडीयू नेताओं ने इस मीटिंग में शामिल होने में असमर्थता जताई है, लेकिन सरकार के फैसले पर पूर्ण ,सहमति जाहिर की है। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह हमले के बारे में जानकारी देंगे।











