“वाराणसी शहर के लालपुर पांडेयपुर इलाके में 19 वर्षीय एक युवती के साथ कथित रूप से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने अभी तक 23 में से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी को रिमांड पर भेज दिया है। यह जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है”
वाराणसी 09 / 04 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
सहायक पुलिस आयुक्त विदुश सक्सेना ने बताया कि लालपुर पांडेयपुर इलाके में एक युवती के साथ कथित रूप से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने अभी तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी को रिमांड पर भेज दिया है।
सक्सेना ने बताया कि पीड़ित युवती ठीक है और पुलिस लगातार उसके परिवार से संपर्क बनाये हुए है। जब पीटीआई संवाददाता ने पीड़िता की मां को फोन लगाया तो उन्होंने कुछ भी बात करने से इनकार कर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि युवती कुछ युवकों के साथ 29 मार्च को कहीं गई थी और जब वह घर नहीं लौटी तो उसके परिजनों ने चार अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जब पुलिस ने युवती को बरामद किया तब उसने दुष्कर्म के बारे में नहीं बताया।
युवती के परिवार ने छह अप्रैल को एक शिकायत दर्ज कराई जिसमें युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया गया। इस मामले में 12 नामजद और 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने कहा कि नामजद आरोपियों की पहचान राज विश्वकर्मा, समीर, आयुष, सोहैल, दानिश, अनमोल, साजिद, जहीर, इमरान, जैब, अमन और राज खान के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में राज लंका में कैफे संचालित करता है।
अनमोल मलदहिया में कंटिनेंटल कैफे का संचालक है। जबकि, सात अन्य आरोपी दुकान या होटल में काम करते हैं। हालांकि सभी आरोपी स्पा सेंटर और हुक्का बार से जुड़े हुए हैं। एक महिला की तहरीर के आधार पर उनकी बेटी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में लालपुर पांडेयपुर थाने में सोमवार की सुबह मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे में 12 नामजद और 11 अज्ञात आरोपी हैं। महिला के अनुसार इंटरमीडिएट उत्तीर्ण उनकी बेटी गत 29 मार्च को घर से अपनी सहेली के यहां गई थी।
वापसी के दौरान उसे रास्ते में राज विश्वकर्मा मिला और लंका स्थित अपने कैफे ले जाकर दुष्कर्म किया। उसके बाद से तीन अप्रैल तक उनकी बेटी के साथ 23 आरोपियों ने नशीला पदार्थ पिलाकर अलग-अलग स्थान पर दुष्कर्म किया। चार अप्रैल को उनकी बेटी घर आई और आपबीती सुनाई तो पांच अप्रैल को वह पुलिस से संपर्क की।
उधर, इस संबंध में डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने बताया कि सर्विलांस और सीसी फुटेज की मदद से नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीमों की दबिश जारी है।
लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस आरोपियों का मेडिकल मुआयना कराने जिला अस्पताल गई। इसकी सूचना पाकर भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को पीटने की कोशिश की तो लालपुर पांडेयपुर थाने के पुलिसकर्मी रोकने लगे। दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।
हालांकि उन्हें बाद में छोड़ दिया गया। मौके पर मौजूद पत्रकार वीडियो बनाने लगे तो एक सिपाही बदसलूकी करते हुए मोबाइल छीन लिया। इसे लेकर पुलिसकर्मियों और पत्रकारों में जमकर नोकझोंक हुई। इससे पहले भी पुलिस यह प्रयास करती रही कि आरोपियों का चेहरा पत्रकारों के कैमरे में न आए।
गृह मंत्रालय की बड़ी कार्रवाई: 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित, अमित…
प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी (PMAY-U): 1.25 करोड़ घरों की स्वीकृति, 'PMAY-U 2.0' से समावेशी विकास और…
NHRIMH कोट्टायम: होम्योपैथी मानसिक स्वास्थ्य अनुसंधान और इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई रफ्तार, वित्त समिति ने…
EPFO में बड़ा बदलाव: वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़ाकर हुई ₹25,000, 51 लाख नए कर्मचारियों…
लोलार्क छठ 2026: संतान प्राप्ति के लिए प्राचीन लोलार्क कुंड में आस्था की डुबकी, 10…
मेरठ: सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट में चला बुलडोजर, 44 सील…