Mahoba NEET Student Kidnap Rape Case

महोबा में NEET छात्रा का अपहरण और दुष्कर्म, 16 दिन तक किया टॉर्चर

महोबा में इंसानियत शर्मसार: NEET की तैयारी कर रही छात्रा का अपहरण कर 16 दिन तक दुष्कर्म, सिगरेट से दागा और चाकू से गोदा”

महोबा (उत्तर प्रदेश): द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक बेहद खौफनाक और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही एक 25 वर्षीय छात्रा का अपहरण कर उसे 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पीड़िता को नशीले इंजेक्शन दिए, सिगरेट से दागा और उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए।

लाइब्रेरी से लौटते समय जबरन कार में खींचा

पीड़िता मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली है और महोबा शहर में किराये का कमरा लेकर NEET की तैयारी कर रही थी।

पीड़िता के बयान के अनुसार, 30 अप्रैल की शाम जब वह लाइब्रेरी से लौट रही थी, तभी रास्ते में एक चार पहिया वाहन से कुछ युवक आए। दो-तीन युवकों ने उसे जबरन कार में खींच लिया और उसे अज्ञात स्थानों पर ले गए।

16 दिनों तक बंधक, नशीले इंजेक्शन और दरिंदगी

अपहरण के बाद आरोपियों ने छात्रा पर अमानवीय जुल्म ढाए। पीड़िता ने कोर्ट में दिए गए अपने बयान में बताया कि:

  • रास्ते में उसे नशीले इंजेक्शन लगाए गए, जिससे वह बेसुध हो गई।

  • आरोपियों ने उसे कई दिनों तक बंधक बनाए रखा और उसके साथ मारपीट व दुष्कर्म किया।

  • क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपियों ने उसके हाथ को सिगरेट से दागा और शरीर पर चाकू से वार किए।

भाई की हत्या की धमकी देकर शादी का दबाव

13 मई को आरोपी छात्रा को प्रयागराज ले गए। वहां एक आरोपी ने मोबाइल में उसके भाई की तस्वीर दिखाकर धमकी दी कि यदि उसने शादी नहीं की, तो उसके भाई की हत्या करा दी जाएगी। आरोपियों ने ब्लैकमेल करने के लिए पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।

पुलिस की कार्रवाई और मां का संघर्ष

बेटी से संपर्क न होने पर उसकी मां ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।

  • 7 मई को FIR: कोई सुराग न मिलने पर 7 मई को युवती की मां ने पठा लवकुश नगर निवासी मोहित, अंकित और संतराम के खिलाफ अपहरण की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।

  • मां के मुताबिक, ये आरोपी पहले भी छात्रा से छेड़छाड़ कर चुके थे, जिसकी शिकायत छतरपुर महिला थाने में दर्ज है।

  • 16 मई को बरामदगी: पुलिस ने 16 मई को छात्रा को खोज निकाला, लेकिन आरोपी फरार हो गए।

  • परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया, जिसके बाद पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज कराए गए।

अधिकारियों का क्या कहना है?

महोबा की अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) वंदना सिंह ने बताया,

“युवती के बयान न्यायालय में दर्ज करा दिए गए हैं, जिसमें कई लोगों के नाम सामने आए हैं। फिलहाल तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है, जिन्हें जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी (SOG) और सर्विलांस समेत चार विशेष टीमों का गठन किया गया है।”