NEET विवाद: आखिरकार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दे ही दिया इस्तीफा
NEET विवाद: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, भावुक पत्र में कहा- ‘छात्रों का भविष्य राजनीति और कानूनी पचड़ों में न उलझे’
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और जंतर-मंतर पर लगातार उग्र होते छात्र आंदोलन के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है।
भारी दबाव और विरोध प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना त्यागपत्र सौंपने के साथ ही उन्होंने देश के युवाओं और छात्रों के नाम एक भावुक खुला पत्र भी लिखा है।
दूसरी ओर, इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने एक बेहद गंभीर और बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बताया है कि जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन की आड़ में पाकिस्तान से 400 से ज्यादा सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिए भारत में भ्रामक और फेक न्यूज़ फैलाई जा रही थी, जिन्हें ब्लॉक कर दिया गया है।
धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पत्र में क्या लिखा?
इस्तीफे के बाद जारी किए गए पत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने स्पष्ट किया कि यह उनके लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं है, बल्कि देश की युवा शक्ति के भविष्य का सवाल है। उन्होंने लिखा:
-
4 दशकों का समर्पण: “मैं पिछले 4 दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा हूं। मेरा विश्वास है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही राष्ट्र की आधारशिला होती है।”
-
जिम्मेदारी ली, मुंह नहीं मोड़ा: “3 मई 2026 को हुई NEET-UG परीक्षा में अनियमितताएं सामने आईं। हमने तुरंत मामले की जांच CBI को सौंपी, परीक्षा रद्द की और नई तिथि घोषित की। साथ ही, अगले वर्ष से इस परीक्षा को सीबीटी (Computer-based-test) मोड में कराने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। मैंने पहले ही दिन से इसकी जिम्मेदारी ली और कभी मुंह नहीं मोड़ा।”
-
राष्ट्र विरोधी ताकतों से चिंता: “पिछले 10 दिनों का घटनाक्रम देखकर मेरा मन अत्यंत दुःखी है। जंतर-मंतर पर जो स्थिति बनी है, उसका राष्ट्र विरोधी ताकतें लाभ ना उठाएं और देश की एकता बनी रहे, इसीलिए मैंने यह फैसला लिया है।”
-
छात्रों से अपील: “भारत का एक भी विद्यार्थी कानूनी पेचीदगियों में ना उलझे। हमारे बच्चे अपना समय पढ़ाई में लगाएं और करियर बनाने पर फोकस करें, इसी बात पर विचार करते हुए मैंने अपना त्यागपत्र माननीय प्रधानमंत्री जी को भेज दिया है।”
अंत में उन्होंने पीएम मोदी, अपने सहयोगियों और ओडिशा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रसेवा के प्रति अपना संकल्प दोहराया।
दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: पाकिस्तान के 400+ अकाउंट्स ब्लॉक
जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय नेक्सस पकड़ा है।
DCP सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया, “हमारी जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान से चलाए जा रहे सैकड़ों सोशल मीडिया अकाउंट्स इस प्रदर्शन को लेकर जानबूझकर गलत जानकारी फैला रहे थे। दिल्ली पुलिस ने एजेंसियों के साथ मिलकर ऐसे 400 से ज़्यादा हैंडल्स की पहचान कर उन्हें ब्लॉक कर दिया है।”
AI और डीपफेक का हो रहा था इस्तेमाल: DCP ने बताया कि ये पाकिस्तानी अकाउंट्स AI से बने कंटेंट, डीपफेक (Deepfake) वीडियो और एडिट की गई तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहे थे।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी ऐसे ही कुछ हैंडल्स सक्रिय पाए गए थे। इन अकाउंट्स ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के आधिकारिक बयानों को भी एडिट करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश की।
दिल्ली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर आ रही हर जानकारी, फोटो या वीडियो पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
किसी भी पोस्ट को शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें। पुलिस लगातार अपने आधिकारिक हैंडल से सही और सटीक जानकारी साझा कर रही है।











