जौनपुर में मंत्री AK शर्मा की प्रेस वार्ता

जौनपुर में मंत्री AK शर्मा की प्रेस वार्ता, गिनाईं सरकार के 9 साल की उपलब्धियां

जौनपुर में मंत्री ए.के. शर्मा ने गिनाईं ‘डबल इंजन’ सरकार की उपलब्धियां: 9 सालों में बीमारू राज्य से देश का ‘ग्रोथ इंजन’ बना यूपी

 संतोष सेठ (‘The Politics Again’) |  जौनपुर

“उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने जौनपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में योगी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने निराशा से विश्वास तक का सफर तय किया है। मंत्री ने जौनपुर में हुए विकास कार्यों, किसान सम्मान निधि, आवास योजना और कानून व्यवस्था में आए अभूतपूर्व सुधारों का विस्तृत ब्योरा पेश किया”

उत्तर प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं ऊर्जा मंत्री तथा जौनपुर के प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने जौनपुर कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित किया।

शासन के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रेसवार्ता में मंत्री शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों का विस्तृत खाका मीडिया और जनता के सामने रखा।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अराजकता से सुशासन, निराशा से विश्वास और ‘बीमारू राज्य’ से भारत के ‘ग्रोथ इंजन’ बनने तक की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। आज उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में विकास का नया इतिहास रच रहा है।

कानून व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व सुधार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रिकॉर्ड कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब पूरी तरह कानून का राज स्थापित हो चुका है।

माफिया और गुंडागर्दी पर प्रभावी नियंत्रण से आमजन और निवेशकों में सुरक्षा व विश्वास का माहौल बना है।

उन्होंने कहा कि जेवर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट प्रदेश को एक नई वैश्विक पहचान देगा। वहीं, महिला सशक्तिकरण के मोर्चे पर भी बड़ी प्रगति हुई है और पुलिस व अन्य क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी 15 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

कृषि क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आज देश में खाद्यान्न उत्पादन में प्रथम स्थान पर है और गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया गया है।

जौनपुर को मिली विकास योजनाओं की बड़ी सौगात

जौनपुर जिले में हुए विकास कार्यों के आंकड़े पेश करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के तहत जिले के 9.55 लाख किसानों के खातों में 2815 करोड़ रुपये डीबीटी (DBT) के माध्यम से सीधे भेजे गए हैं।

आवास योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में 97,647 और शहरी क्षेत्र में 27,542 लाभार्थियों को पक्के मकान दिए गए हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना से 22,197 परिवार लाभान्वित हुए हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से लाखों परिवारों को मुफ्त इलाज का सुरक्षा कवच मिला है, जबकि ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के तहत 9,486 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया है।

ऊर्जा, स्वच्छता और पर्यटन में तेजी से बढ़ता जौनपुर

धार्मिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए प्रभारी मंत्री ने बताया कि जिले में 9.84 करोड़ रुपये की लागत से मां शीतला चौकिया धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और विकास कराया जा रहा है।

179.79 करोड़ रुपये की लागत से जौनपुर में नवीन जिला कारागार का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।

ऊर्जा क्षेत्र में सुधार के लिए जिले में ट्रांसफार्मर मरम्मत की एक अतिरिक्त वर्कशॉप स्थापित की जा रही है।

वहीं, ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 4,55,837 और नगरीय क्षेत्र में 8,216 लाभार्थियों को व्यक्तिगत शौचालय दिए गए हैं, साथ ही 1,734 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है।

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विमोचित शासन की 9 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट भी मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष प्रदर्शित की।

इस अवसर पर बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जौनपुर पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.