जौनपुर महोत्सव

जौनपुर महोत्सव: शाही किले में 623 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न

जौनपुर के शाही किले में गूंजी शहनाइयां: महोत्सव का भव्य आगाज, 623 जोड़ों ने रचाया सामूहिक विवाह, AK शर्मा ने दिया आशीर्वाद

जौनपुर रिपोर्ट: संतोष सेठ, ‘The Politics Again’ विशेष।

“ऐतिहासिक शाही किले में तीन दिवसीय ‘जौनपुर महोत्सव-2026’ का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा की मौजूदगी में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 623 नवयुगलों ने परिणय सूत्र में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की। इस सराहनीय पहल से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को संबल मिला है”

जौनपुर: जनपद जौनपुर की ऐतिहासिक धरोहर, शाही किले के प्रांगण में आज से तीन दिवसीय ‘जौनपुर महोत्सव-2026’ का अत्यंत भव्य और सांस्कृतिक रंगत के साथ शुभारंभ किया गया।

महोत्सव के प्रथम दिन मुख्य आकर्षण ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ रही, जिसके अंतर्गत एक ही मंडप के नीचे सैकड़ों जोड़ों का विवाह संपन्न कराकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मा० मंत्री तथा जनपद जौनपुर के प्रभारी मंत्री श्री ए० के० शर्मा जी द्वारा किया गया।

उद्घाटन समारोह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ, जिससे पूरा किला परिसर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण से सराबोर हो गया।

623 जोड़े बने हमसफर, सर्वधर्म समभाव की दिखी झलक

जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार, महोत्सव के पहले दिन आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कुल 623 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।

इसमें सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जब हिंदू जोड़ों के साथ-साथ 11 मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह पूरी धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

परंपरागत परिधानों में सजे नवयुगलों को आशीर्वाद देने के लिए प्रभारी मंत्री श्री ए0 के0 शर्मा सहित विशिष्ट अतिथिगण मौजूद रहे।

इनमें खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चंद्र यादव, मडियाहूं की मा0 विधायक डॉ. आर. के. पटेल, विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह प्रिंशू, नगर पलिका अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या सहित बड़ी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों के सुखद, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

गरीब बेटियों के लिए वरदान है यह योजना: प्रभारी मंत्री

इस अवसर पर संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री ए०के० शर्मा जी ने कहा कि जौनपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का यह सफल आयोजन ऐतिहासिक है।

उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा संचालित यह योजना विशेष रूप से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आने वाली आर्थिक कठिनाइयों को दूर करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि योजना के तहत सरकार द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो सके। उन्होंने सभी जोड़ों को नए जीवन की शुभकामनाएं दीं।

सामाजिक समरसता को मिल रहा बढ़ावा: गिरीश चंद्र यादव

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि गरीब और असहाय परिवारों के बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ऐसे सामूहिक विवाह कार्यक्रम न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता, एकता एवं भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।

संस्कृति और जनकल्याण का संगम है महोत्सव: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने सामूहिक विवाह कार्यक्रम को शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रत्यक्ष उदाहरण बताया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा महोत्सव

शाही किले के ऐतिहासिक माहौल में स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।

इस भव्य आयोजन में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.