Mandi College Girl Murder

मंडी: 19 वर्षीय छात्रा की दराट से गला काटकर हत्या, हाईवे पर चक्का जाम

देवभूमि फिर शर्मसार: मंडी में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की दराट से गला काटकर निर्मम हत्या, हाईवे पर चक्का जाम; जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा

मंडी: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत के बैंजी गांव में सोमवार सुबह कॉलेज जा रही 19 वर्षीय एक छात्रा की सरेराह दराट (तेजधार हथियार) से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई।

इस वीभत्स हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भारी जनाक्रोश भड़क गया है। गुस्साए लोगों ने सोमवार देर शाम सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर मौहीं के पास चक्का जाम कर दिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

गर्दन पर किए 7 से 8 वार, बचाव में कटा हाथ

जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे की है। 19 वर्षीय पीड़िता स्थानीय कॉलेज में बीवॉक (B.Voc) प्रथम वर्ष की छात्रा थी और छात्र संगठन एसएफआई (SFI) की पदाधिकारी भी थी।

घर से महज 200 मीटर की दूरी पर एक सिरफिरे युवक ने उस पर दराट से जानलेवा हमला कर दिया।

आरोपी ने छात्रा की गर्दन के बाईं तरफ 7 से 8 जोरदार वार किए, जिससे उसकी गर्दन लगभग धड़ से अलग ही हो गई।

घटनास्थल का मंजर देखकर स्पष्ट था कि छात्रा ने अपनी जान बचाने का पूरा प्रयास किया, क्योंकि हमलावर को रोकने के लिए आगे किया गया उसका हाथ भी बुरी तरह कट गया था।

नशे का आदी है 35 वर्षीय आरोपी, CCTV से हुई पहचान

मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी युवक की पहचान 35 वर्षीय विकास उर्फ रिशु पटियाल (निवासी गांव थिरों, डाकघर गोपालपुर, तहसील सरकाघाट) के रूप में हुई है।

आरोपी पीड़िता की ही पंचायत का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि विकास नशे का आदी है और उसकी हरकतें ‘सनकी’ जैसी प्रतीत हो रही हैं।

एसपी ने बताया, “हमने एक महिला के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और सभी तकनीकी व वैज्ञानिक पहलुओं से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।” छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।

जयराम ठाकुर का तीखा हमला: ‘मूकदर्शक बनी है सरकार’

इस जघन्य हत्याकांड पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया है।

उन्होंने राज्य की सुक्खू सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा, “सरकाघाट में बिटिया के साथ जो हुआ, वह सोचकर ही मन विचलित हो रहा है।

दिनदहाड़े इस तरह की घटना की ‘देवभूमि’ में कल्पना भी नहीं की जा सकती। इस घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है और उन सभी परिवारों को डरा दिया है जिनकी बेटियां शिक्षा के लिए घर से बाहर निकलती हैं।”

ठाकुर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा, “हैरानी की बात यह है कि पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के बजाय स्थानीय लोगों और परिजनों को ही मौके पर रोकती रही।

सरकार मूकदर्शक बनी हुई है और प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है।” उन्होंने मांग की है कि इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को ऐसी कड़ी सजा मिलनी चाहिए जो भविष्य के लिए एक उदाहरण बने।