मालदा : माता पिता बहन और दादी के हत्यारे को मिली सजाए मौत
“पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की एक अदालत ने शनिवार को एक सनसनीखेज हत्याकांड में फैसला सुनाते हुए एक शख्स को मौत की सजा सुनाई। शख्स को अपने ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या के जुर्म में मौत की सजा सुनाई गई। जिला सत्र न्यायाधीश सुभायु बनर्जी ने मोहम्मद आसिफ को अपने माता-पिता, बहन और दादी की निर्मम हत्या करने का दोषी पाया, जिसके बाद उसे मौत की सजा देने का फैसला लिया गया”
मालदा 18 / 05 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
यह जघन्य अपराध 28 फरवरी, 2021 को कालियाचक थाना क्षेत्र के 16 माइल इलाके में हुआ था। जांच में सामने आया कि संपत्ति विवाद के चलते आसिफ ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
अदालत में पेश किए गए सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर यह साबित हुआ कि मोहम्मद आसिफ ने अपने पिता जावेद अली (53), मां इरा बीबी (36), बहन रीमा खातून (16) और दादी नूर बेओवा (72) को पहले बेहोश किया और फिर एक-एक करके उनका गला घोंटकर हत्या कर दी थी।











