कोलकाता : महिला को ड्रग्स देकर कार में छेड़छाड़
“कोलकाता में पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक कार के भीतर महिला को ड्रग्स दी और उससे छेड़छाड़ की”
कोलकाता 30 / 11 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
आरोपी की पहचान अल्ताफ आलम (24 वर्षीय) के रूप में हुई है, जो गार्डन रीच इलाके का निवासी है। प्रगति मैदान पुलिस ने शनिवार रात को आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार रात की है, जब करीब 9 बजे के आसपास एक 28 वर्षीय शादीशुदा महिला प्रगति मैदान पुलिस स्टेशन के नजदीक बस स्टॉप पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान वहां एक कार आकर रुकी, जिसमें तीन युवक सवार थे। पुलिस ने बताया कि एक युवक महिला का परिचित था और बीते तीन महीने से दोनों के बीच जान-पहचान थी।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसे जबरन कार में धकेला और उसे जबरन ड्रग्स दी। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद आरोपी पीड़िता को प्रगति मैदान इलाके में छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद पीड़िता की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने ही पुलिस को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी दो की तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करेगी और उसकी कस्टडी की मांग करेगी।











