कर्नाटक: 3 जून को CM पद की शपथ लेंगे डीके शिवकुमार !
कर्नाटक में नया अध्याय: 3 जून को CM पद की शपथ लेंगे डीके शिवकुमार, ज्योतिषी ने की ‘लंबी पारी’ की भविष्यवाणी “
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन की तस्वीर अब पूरी तरह से साफ हो गई है। कांग्रेस के संकटमोचक माने जाने वाले डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
बेंगलुरु में हुई कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया है।
डीके शिवकुमार आगामी 3 जून (बुधवार) को नए मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शिवकुमार के सीएम बनने का मार्ग प्रशस्त होते ही राज्य में नई सरकार के गठन और कैबिनेट के स्वरूप को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
सरकार बनाने का दावा पेश, गुरु अज्जय्या का लिया आशीर्वाद
विधायक दल का नेता चुने जाने से ठीक पहले, डीके शिवकुमार ने अपने आध्यात्मिक गुरु अज्जय्या की तस्वीर को नमन कर उनका आशीर्वाद लिया।
सीएलपी (CLP) मीटिंग के बाद शिवकुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया।
इसके बाद राज्यपाल ने शिवकुमार को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया और 3 जून को शपथ ग्रहण का समय निर्धारित किया गया।
ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी की भविष्यवाणी: “एक दिन के CM नहीं शिवकुमार”
इस बड़े राजनीतिक बदलाव के बीच प्रख्यात ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी की भविष्यवाणी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। गुरुजी ने ही शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन संभावित तिथियां सुझाई थीं, जिनमें से 3 जून पर मुहर लगी।
-
गुरुजी ने दावा किया है कि शिवकुमार मुख्यमंत्री के रूप में एक लंबा और सफल कार्यकाल व्यतीत करेंगे।
-
उन्होंने कहा, “वे एक दिन के मुख्यमंत्री नहीं हैं। वे लंबी पारी खेलेंगे। उनकी कुंडली बहुत अच्छी है और उन्हें कांग्रेस हाईकमान का पूरा समर्थन मिलेगा।”
क्या कैबिनेट में होंगे 4 डिप्टी सीएम?
डीके शिवकुमार के सीएम बनने के साथ ही नई कैबिनेट में पूर्व सीएम सिद्धारमैया (Siddaramaiah) गुट के दबदबे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सत्ता संतुलन साधने के लिए कर्नाटक में 4 उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) बनाए जा सकते हैं।
हालांकि, सूत्रों के मुताबिक डीके शिवकुमार 4 डिप्टी सीएम बनाने के पक्ष में बिल्कुल नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को स्पष्ट किया है कि कर्नाटक कांग्रेस में कई कद्दावर और वरिष्ठ नेता हैं, ऐसे में यह तय करना बेहद मुश्किल होगा कि किसे डिप्टी सीएम बनाया जाए और किसे नहीं। इससे पार्टी के भीतर गुटबाजी बढ़ सकती है।
केसी वेणुगोपाल का बयान : “अनुभव और युवाओं का होगा मिश्रण”
कैबिनेट के प्रारूप और प्रियांक खरगे (Priyank Kharge) को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चाओं पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने स्थिति स्पष्ट की।
-
उन्होंने कहा, “कैबिनेट के प्रारूप को लेकर आलाकमान जो भी निर्णय लेगा, हम उसे मानेंगे। 60 साल से ज्यादा उम्र के नेताओं को कैबिनेट से हटाने की चर्चा केवल मीडिया की उपज है, पार्टी के भीतर ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है।”
-
वेणुगोपाल ने जोर देकर कहा कि कर्नाटक की नई कैबिनेट में युवा ऊर्जा और अनुभवी नेताओं का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि आज हुए इस बदलाव से यह तय हो गया है कि 2028 में भी कांग्रेस कर्नाटक में पूर्ण बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएगी।











