जौनपुर : जमीनी विवाद में युवक की धारदार हथियार से हत्या, आठ गिरफ्तार

“सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेलवार गांव में सोमवार रात एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार पटेल (22 वर्ष) के रूप में हुई है”

जौनपुर 02 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 9 बजे मंगलदास, उसके बेटे सुरेंद्र और हार्दिक समेत कुछ अन्य लोगों ने शराब पी। इसके बाद वे नरेंद्र कुमार पटेल से उलझ गए। आरोपियों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से नरेंद्र पर हमला कर दिया। उन्होंने तब तक प्रहार किया, जब तक नरेंद्र की मौत नहीं हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। नरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के निर्देश पर सुजानगंज पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। घटना के मात्र दो घंटे के भीतर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

थानाध्यक्ष सुजानगंज फूलचन्द्र पाण्डेय ने सोमवार की रात करीब 12 बजे बताया कि पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 घंटे के अंदर घटना में नामजद 2 अभियुक्तों तथा परिजनों की पहचान पर घटना में शामिल 6 अज्ञात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल लाठी डंडा बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने मृतक के परिजन रामकुमार की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया है। घटना मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

आपको बता दें, 2 नामजद, 6 परिजनों की शिनाख्त पर लिए गए हिरासत में पुलिस ने नामजद आरोपी मंगलदास पटेल पुत्र स्व. राम शरण, सुरेंद्र पटेल पुत्र मंगल दास पटेल दोनों निवासी बेलवार को गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा परिजनों की शिनाख्त पर हिरासत में लिए गए संदिग्ध आरोपियों में प्रेमचंद्र पटेल पुत्र स्व. राम लखन, गोविंद पटेल पुत्र मानिकचंद, सोनू पटेल पुत्र प्रेमचंद, सचिन पटेल पुत्र लाल जी, शिवम पटेल पुत्र लाल जी, जवाहर लाल पटेल पुत्र स्व. दुखीराम पटेल सभी निवासी बेलवार शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल लाठी डंडा बरामद किया गया है।