“जौनपुर जिले में सदर इमामबाड़ा बेगमगंज में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस ने 17 लोगों का चालान कर दिया। भाजपा नेता के साथ हाथापाई करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। इसके बाद 500 की संख्या में लोगों ने कोतवाली का घेराव कर दिया”
जौनपुर 08 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
कोतवाली क्षेत्र के सदर इमामबाड़ा बेगमगंज में रविवार को मजलिस में भाजपा नेता से हाथापाई करने के मामले में पुलिस के 17 लोगों को चालान करने पर मामला बढ़ गया। इससे आक्रोशित करीब 400 से 500 महिलाओं व पुरुषों ने सोमवार की दोपहर कोतवाली का घेराव कर हंगामा किया।
घटना के पीछे का कारण भाजपा नेता द्वारा समय-समय पर ट्रंप के पक्ष में पोस्ट किया जाने को लेकर आक्रोश बताया जा रहा है। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल का प्रयोग किया। तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस व पुलिस के अधिकारी डटे रहे। अंतत: अधिकारियों की उपस्थिति में दोनों पक्षों को समझाने के बाद मामला समाप्त किया गया।
कोतवाली के मोहल्ला मीरघर पान दरीबा निवासी सैय्यद कौसर मेंहदी उर्फ शम्सी आजाद मुहर्रम पर रविवार की सायं सदर इमामबाड़ा में आयोजित शामे गरीबा की मजलिस में खेताब फरमाने गए थे। जब वह मंच पर पहुंचे तो कुछ युवकों द्वारा यह विरोध किया गया कि ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के लिए दुआ मांगी थी और चादरपोशी किए थे। यह भाजपा की राजनीति करते हैं।
वर्तमान में ईरान पर अमेरिका के हमले के विरोध में शिया समुदाय ट्रंप पर आक्रोशित है। ईरान शिया बाहुल्य देश है। उनका आरोप है कि ऐसे व्यक्ति को मजलिस का नेतृत्व नहीं करने देंगे जो ट्रंप का समर्थन करता हो। इसी का आरोप लगाकर कुछ युवकों ने मंच से भाजपा नेता की कॉलर पकड़ कर नीचे से खींचकर हाथापाई कर ली।
इसके बाद भाजपा नेता की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी गई। जिसके बाद रात को ही पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए 17 लोगों को चालान कर दिया। इससे आक्रोशित कुछ लोग सुबह बातचीत करने गए थे लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। इसके बाद करीब तीन बजे 400 से 500 की संख्या में महिला व पुरुष ने कोतवाली का घेराव कर लिया।
पुलिस के समझाने पर न मानने पर हल्का बल का प्रयोग कर उनको छितर-बितर किया गया। इसके बाद लोग कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गए। मौके पर एडिशनल एसपी आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व में दोनों पक्षों के लोगों से कहा गया कि उनकी जो भी मांग है लिखित में दी जाए। उसके बाद लोगों ने प्रदर्शन व हंगामा समाप्त किया। यह घटनाक्रम करीब ढाई घंटे तक चला।
ताजिया जुलूस में ईरान के राष्ट्रपति की लगी फोटो उतरवाई
मुफ्तीगंज बाजार में सोमवार को शिया समुदाय द्वारा ताजिया जुलूस में ऑटो पर ईरानी राष्ट्रपति की फोटो को पुलिस ने उतरवा दिया। जिसकी चर्चा जोरों पर है। क्षेत्राधिकारी केराकत अजीत रजक को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत ईरानी राष्ट्रपति की फोटो उतरवा दी।
मुफ्तीगंज के कर्बला के मैदान में कुछ वर्षों पूर्व ही ताजिया दफन के दौरान शिया सुन्नी समुदाय में विवाद हो गया था जिसमें दर्जनों लोग घायल हो गए थे। तब से बाजार में ताजिया दफन के समय पुलिस सतर्क रहती है।
इस बाबत सीओ केराकत अजीत रजक ने बताया कि ईरान के राष्ट्रपति की फोटो को तुरंत ताजिया जुलूस में चल रहे टेम्पो से हटवा दिया गया और शांतिपूर्ण ढंग से ताजिया को दफन करा दिया गया।