जौनपुर / शाहगंज : धोखाधड़ी में शामिल फरार आरोपी के घर पुणे न्यायालय का नोटिस चस्पा

“शाहगंज क्षेत्र के छताई रसूलपुर गांव में शनिवार को उस समय हलचल मच गई जब महाराष्ट्र के पुणे जिले की चाकण थाना पुलिस गांव में पहुंची और एक फरार आरोपी के घर न्यायालय का नोटिस चस्पा किया”

शाहगंज 09 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पुणे के चाकण थाना के सब इंस्पेक्टर नामदेव तलवाडे स्थानीय थाने की पुलिस के साथ गांव में पहुंचे। पुलिस ने बताया कि आरोपी रमेश राजभर निवासी छताई रसूलपुर पुणे में रहकर धोखाधड़ी और जालसाजी की घटनाओं में लिप्त था। उसके खिलाफ चाकण थाने में मुकदमा दर्ज है।

आरोपी लगातार कोर्ट में गैरहाजिर चल रहा था, जिस पर न्यायालय ने वीएनएस की धारा के तहत कार्रवाई करने का आदेश दिया था। न्यायालय के आदेश पर पुणे पुलिस ने आरोपी के पैतृक घर पर नोटिस चस्पा किया और औपचारिक कार्रवाई पूरी कर महाराष्ट्र लौट गई।

पुलिस ने चेतावनी दी कि आरोपी तय समय में कोर्ट में हाजिर नहीं होता है तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी के मुकदमे में आरोपी कोर्ट में उपस्थित नहीं हो रहा था। इसलिए उसके घर पर कोर्ट का नोटिस चस्पा किया गया।