जौनपुर / शाहगंज : संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध का शव मिला, शरीर पर चोट के निशान
“शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के मजडीहां गांव में रविवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के पीछे एक वृद्ध का शव मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी राजेंद्र चौहान (60) पुत्र सीताराम चौहान के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है”
शाहगंज 09 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
मृतक के बेटे अश्विनी चौहान ने बताया कि शनिवार की रात करीब नौ बजे पिता जी दुकान पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि समय हो गया है, दुकान बंद कर सो जाओ। वह भी सोने जा रहे हैं। हम लोग घर के अंदर सोते थे। पिता राजेंद्र घर के बाहर सोते थे।
उन्होंने बताया कि जब सुबह चाचा दारा चौहान शौच के लिए रेलवे फाटक के समीप प्राथमिक विद्यालय के पीछे पहुंचे तो पिता जी (राजेंद्र) मृत अवस्था में थे। भाई की मौत से दारा स्तब्ध रह गए। परिवार के अन्य लोगों को सूचना देने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक लिखा-पढ़ी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के गले और पीठ में चोट के निशान भी पाए गए। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में है। कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई का पता चलेगा।
मृतक तीन भाइयों में मझला भाई था। मृतक के सात बेटे और चार बेटियां हैं। मृतक की पत्नी की मौत पहले हो चुकी है। मृतक ही अपने परिवार की देख रेख करता था। छह बेटे और चार बेटियों की शादी कर चुका है। छोटे बेटे राजन की शादी अभी नहीं हुई है।











