जौनपुर : पूविवि के बीएड, एलएलएम और एमएड की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू
“वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बीएड, एमएड और एलएलएम के सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गईं। परीक्षा के लिए जौनपुर में 13 और गाजीपुर के 11 केंद्र बनाए गए हैं”
जौनपुर 17 / 05 / 2025 वरुण यादव की रिपोर्ट
इसके साथ ही बीबीए और बीसीए की परीक्षाएं भी शुरू हो गई। परीक्षा नियंत्रक डा. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पहले दिन सभी केंद्रों पर परीक्षाएं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। सभी केंद्रों पर सीसी टीवी की निगरानी में परीक्षाएं कराई जा रही हैं।
बीबीए में 484, बीसीए में 3,928, बीपीई में 26, एलएलबी में 5,625 और एलएलएम में 130 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। बीएड, एमएड और बीपीएड की परीक्षाएं भी इसी परीक्षा के साथ कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया है कि गर्मी को देखते हुए पेयजल, बिजली, पंखा व सीसी टीवी की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी केंद्र पर परीक्षा के दौरान किसी तरफ की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
परीक्षा की निगारनी के लिए विश्वविद्यालय ने उड़ाका दल का गठन कर दिया है। सभी टीमों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों की निगरानी करें।











