जौनपुर / सरायख्वाजा : अज्ञात वाहन के टक्कर से फर्नीचर कारीगर की मौत
“सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के इटौरी बाजार के समीप मंगलवार की रात करीब 10 बजे वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई”
जौनपुर / सरायख्वाजा 19 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार कंद्रापुर गांव निवासी सतेन उर्फ टिल्लू विश्वकर्मा (30) नगर में फर्नीचर का काम करते थे। 20 दिन पहले ही वह गांव में रिश्तेदारी में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
मंगलवार शाम वह सब्जी लेने इटौरी बाजार गए थे। रात 9 बजे वह कोइरीडीहा चकवां मार्ग होते हुए लौट रहे थे लेकिन घर नहीं पहुंचे थे। घर से 300 मीटर दूर इटौरी बाजार के पास करीब 10 बजे स्थानीय पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक का शव बरामद किया।
तलाशी ली तो युवक के पर्स से उसके परिजनों का फोन नंबर मिला। इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी सतेन के परिजनों को दी। सूचना लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आस-पास में लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाला जा रहा है।











