जौनपुर : लूट के दौरान बदमाशों ने प्रधानाध्यापक को मारी गोली
“जौनपुर जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद है कि सोमवार को एक अध्यापक को उसके घर के पास बदमाशों ने गोली मार दी। जिसमें गोली अध्यापक के जंघे के आर पार निकल गई”
जौनपुर 01 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक प्रधानाध्यापक पर जानलेवा हमला हुआ। घटना सॉलवेशन हॉस्पिटल के सामने की है। प्राथमिक विद्यालय उदपुर (थाना बक्सा) में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात संतोष कुमार यादव मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित संतोष यादव ने बताया कि वह कंधरपुर गांव में टहल रहे थे। तभी पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे। एक ने उनकी सोने की चैन पकड़ ली और पिस्टल निकाल लिया।
हाथापाई के दौरान दूसरे बदमाश ने उनके पैर पर गोली चला दी। बदमाश उनकी लगभग 12 तोले की दो सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। गोली लगने से घायल संतोष को जिला अस्पताल ले जाया गया।
जहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों के चेहरे रुमाल से ढके हुए थे, इसलिए पहचान नहीं हो सकी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए टीमें लगा दी हैं।











