जौनपुर : दो अपराधियों का एनकाउंटर, 9 शातिर गिरफ्तार

“मुंगराबादशाहपुर में पुलिस और स्वाट टीम की मुठभेड़ में दो शातिर चोरों को गोली लगी है। इस कार्रवाई में घायल हुए दोनों चोरों सहित कुल नौ अंतरराज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से लगभग छह किलोग्राम चांदी के आभूषण, एक लाख चार हजार रुपये नकद, दो तमंचे, चार कारतूस और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं”

जौनपुर 04 / 11 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

यह गिरफ्तारी 21 अक्टूबर को मुंगराबादशाहपुर स्थित अनिल सोनी की ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी की घटना के खुलासे के तहत की गई है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस मुठभेड़ रविवार देर रात नीभापुर रेलवे क्रॉसिंग से आगे काछीडीह मोड़ पर हुई। इसी दौरान घटना को अंजाम देने वाले दो घायल अभियुक्तों सहित नौ कुख्यात अपराधियों को पकड़ा गया।

एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त उत्तर प्रदेश और बिहार के बड़े शहरों में डेरा डालते थे। वहां से वे आसपास के जिलों में दुकानों की रेकी करते थे। रात में सुनार की दुकान को निशाना बनाकर नकब लगाते थे या शटर को रस्सी से खींचकर लोहे की रॉड से दुकान में घुसकर गहने व नकदी चुरा लेते थे।

अभियुक्तों ने मुंगराबादशाहपुर की घटना के अलावा, 29 अक्टूबर को सारनाथ, वाराणसी में एक ज्वैलरी दुकान में चोरी का प्रयास और 27 अक्टूबर को अलीनगर, चंदौली में एक ज्वैलरी दुकान में चोरी की बात कबूली है। सारनाथ में चोरी के प्रयास के सीसीटीवी फुटेज से चोरों का मिलान भी हो रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि वे 2018 में सारनाथ, वाराणसी के एक मुकदमे में जेल जा चुके हैं। चोरी का सामान वे प्रशांत पंवार पुत्र हनुमंत पंवार निवासी सुडिया, थाना चौक, वाराणसी की दुकान पर बेचते थे, जो चांदी के आभूषणों को गलाने का काम करता था।