Jaunpur DM IGRS Review Meeting

जौनपुर: IGRS शिकायतों पर DM सैमुअल पॉल एन. सख्त, दिए कड़े निर्देश

जौनपुर: IGRS शिकायतों पर DM सैमुअल पॉल एन. का सख्त एक्शन; शुरू हुई ‘क्रॉस चेकिंग’, फील्ड विजिट और जियो-टैग फोटो अनिवार्य”

जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल ‘जनसुनवाई पोर्टल’ (IGRS) पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में अब जौनपुर में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या सिर्फ ‘कागजी खानापूर्ति’ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. (DM Samuel Paul N.) ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में IGRS प्रकरणों की गहन समीक्षा बैठक करते हुए लापरवाह अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है।

शिकायतों की गुणवत्ता परखने के लिए नया तरीका

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निस्तारण की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक कड़ा कदम उठाया। उन्होंने एक विभाग द्वारा निस्तारित की गई शिकायत को दूसरे विभाग के अधिकारी को हस्तांतरित कर दिया, ताकि उसकी ‘क्रॉस चेकिंग’ (Cross-Verification) कराकर वास्तविक फीडबैक प्राप्त किया जा सके।

इस कार्यवाही से स्पष्ट हो गया है कि अब बंद कमरे में बैठकर फर्जी निस्तारण रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारियों की खैर नहीं है।

DM के अधिकारियों को कड़े निर्देश

जिलाधिकारी ने बैठक में सभी विभागाध्यक्षों को जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए निम्नलिखित कड़े निर्देश दिए:

  • स्वयं करें मॉनिटरिंग: अधिकारी अपने पटल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का स्वयं गहन अवलोकन करें और तय समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।

  • फीडबैक है अनिवार्य: शिकायत के निस्तारण के उपरांत, शिकायतकर्ता (पीड़ित) से संपर्क कर उनका फीडबैक अनिवार्य रूप से प्राप्त किया जाए।

  • स्थलीय निरीक्षण और जियो-टैग फोटो: जिन प्रकरणों में मौके पर जाकर जांच की आवश्यकता है, वहां जांच अधिकारी स्वयं स्थल का निरीक्षण करें।

  • बिना ‘जियो-टैग’ (Geo-Tag) फोटो के आख्या प्रस्तुत न की जाए। आवश्यकतानुसार ‘स्पॉट मेमो’ (Spot Memo) भी उपलब्ध कराया जाए।

लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता (Top Priority) है।

किसी भी स्तर पर यदि निस्तारण में गुणवत्ता की कमी या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारी पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा सहित जिले के अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।