जम्मू-कश्मीर : पहलगाम में आतंकी हमला, 5-6 पर्यटक गंभीर रूप से घायल
“केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से दिल दहला देने वाली आतंकी वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के पहलगाम इलाके में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला किया है। इस हमले में अब तक 5 से 6 पर्यटकों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आई है। इस घटना के बाद सुरक्षाबलों के जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन को शुरू कर दिया है”
श्रीनगर 22 / 04 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, पहलगाम में आतंकवादियों ने करीब 3 से 5 मिनट तक गोलीबारी की। इसके बाद वह वहां से भाग गए। इस आतंकी हमले में एक गंभीर रूप से घायल समेत 5 से 6 पर्यटक घायल हो गए। इन सभी को अनंतनाग के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय सेना विक्टर फोर्स और स्पेशल फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी और सीआरपीएफ द्वारा ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में कई पर्यटक घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि यह हमला बायसरन घास के मैदानों के पास हुआ। एक महिला, जो इस हमले में जीवित बची उसने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को फोन पर बताया मेरे पति के सिर में गोली लगी है और सात अन्य लोग भी घायल हुए हैं। महिला ने अपनी पहचान नहीं बताई लेकिन घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद की गुहार लगाई।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों की टीमें क्षेत्र में भेजी गईं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फायरिंग की आवाजें सुनते ही सुरक्षाबलों को बायसरन क्षेत्र में भेजा गया, जो एक नॉन-मोटरेबल इलाका है। घटना से संबंधित अतिरिक्त जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है। यह हमला हुआ जब पहलगाम पर्यटकों से भरा हुआ था।
इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू
जानकारी के मुताबिक, सेना के 15 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव हेलीकॉप्टर से घटनास्थल पर पहुंचे हैं। भारतीय सेना की विक्टर फोर्स के जवान आतंकवादियों की तलाश के लिए घाटी के शीर्ष पर पहुंच गए हैं। आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू हो गया है।










