“हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश के रेड अलर्ट है। इसे देखते हुए 9 जिले शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और कुल्लू के बंजार, कुल्लू व मनाली सब डिवीजन में सभी शिक्षण संस्थानों में एक अगस्त की छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसे लेकर संबंधित जिलों के DC ने आदेश जारी कर दिए हैं”
शिमला 01 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
प्रदेश में बारिश और भूस्खलन से हालात बिगड़ रहे हैं। चंबा-भरमौर मार्ग पर लैंडस्लाइड और खराब मौसम के कारण फंसे सभी मणिमहेश यात्रियों को सुरक्षित घर भेज दिया गया है। दो दिन में अब तक NDRF ने 3,139 तीर्थ यात्रियों को रेस्क्यू किया।
उधर, रविवार को आनी और कुल्लू के बीच भूस्खलन होने से नेशनल हाईवे-305 बाधित हो गया। इससे आनी क्षेत्र का जिला मुख्यालय कुल्लू से सम्पर्क कट गया। वहीं, खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपना कुल्लू दौरा रद्द कर दिया। वे आपदा प्रभावित इलाकों का जायजा लेने वाले थे।
इसके अलावा आपदा हालात को देखते हुए DC चंबा ने सभी विभागों- PWD, बिजली बोर्ड, जल शक्ति, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, नगर निगम, खाद्य आपूर्ति, स्वास्थ्य, आयुष और राजस्व के कर्मचारियों की रविवार की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्हें राहत और बचाव कार्यों में तुरंत जुटने के आदेश दिए गए हैं।
वहीं, मौसम विभाग ने 12 जगहों के लिए अलर्ट जारी किया है। इनमें अगले 16-18 घंटों में बिलासपुर, शिमला, सिरमौर, सोलन, ऊना, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहुल और स्पीति, मंडी में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर रविवार तड़के एक एम्बुलेंस दवाड़ा के पास 30 फीट गहरी खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। इसके अलावा शिमला के विकासनगर में भी आज ही लैंडस्लाइड हुआ, जिसमें दो गाड़ियां पूरी तरह मलबे में दब गईं।
लगातार बारिश से प्रदेश में काफी नुकसान हुआ है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन मंडी के झलोगी के पास बंद हो गया। शिमला-किन्नौर एनएच भी निगुलसरी और नाथपा पर अवरुद्ध है। प्रदेश में अब तक 3 नेशनल हाईवे समेत 839 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे आवाजाही के साथ-साथ सेब की ढुलाई भी प्रभावित हुई है।
लगातार चार दिन से हो रही भारी वर्षा के कारण चंबा–भरमौर मार्ग पर अनेक स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे श्री मणिमहेश जी यात्रा के तीर्थयात्रियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर दीपक सिंह असवाल और जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीमें फंसे हुए तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए बचाव कार्य कर रही है।
30 अगस्त को कुल 629 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रूप से चंबा की ओर निकाला गया, जबकि 31 अगस्त की शाम चार बजे तक 2,510 और तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रूप से निकाला गया। दो दिनों में, कुल 3,139 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रूप से निकाला जा चुका है।
अधिशासी अभियंता विद्युत मंडल मंडी ई. राजेश कुमार ने बताया कि हाल ही में हुई भारी वर्षा और भूस्खलन की घटनाओं से 9 मील (पंडोह) क्षेत्र के पास स्थित 132 केवी डबल सर्किट (विजनी–लारजी–कागू) एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज लाइन का टावर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। यह लाइन मंडी स्थित 132/66/33/11 केवी बिजनी उपकेंद्र तथा विद्युत मंडल मंडी के लिए मुख्य विद्युत आपूर्ति स्रोत थी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मंडी मंडल को शानन–बिजनी 66 केवी लाइन और 33 केवी रत्ती–मेडिकल कॉलेज–बडसू–बिजनी लाइन से बिजली आपूर्ति दी जा रही है। किंतु लवांडी नाला (बिजनी के समीप) क्षेत्र में लगातार भूस्खलन और पेड़ों के गिरने से शानन–बिजनी 66 केवी लाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है।
इस कारण उपभोक्ताओं को समय-समय पर बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। ई. राजेश कुमार ने बताया कि विद्युत विभाग मंडी, उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। 132 केवी लाइन की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और इसे पूरा करने में लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है।
उन्होंने मंडी शहर और आसपास के क्षेत्रों मझवार, गुटकर, बेहना, सौली खड्ड, तल्याहड, केहनवाल, गोखरा, साइग्लू, कोटली, भरगांव, बीर, बारी, बिजनी, दरंग धनोग, छिपनु , खलियार, पुरानी मंडी, जेल रोड, टारना, सेरी बाजार, मंगवाई, कटिंडी, कमांद, कटौला, बागी, बाथेरी तथा आईआईटी कमांद के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
राज्यसभा और बिहार विधान परिषद चुनाव की तारीखों का ऐलान: यूपी, उत्तराखंड और बंगाल की…
वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त बना रही सरकार: 'अटल वयो अभ्युदय योजना' से 8.5 लाख बुजुर्गों…
NHAI ने जारी किए हाई-स्पीड नेशनल हाईवे के नए नियम: यातायात के अनुसार तय होगी…
दिल्ली हुई शर्मसार: कालकाजी मंदिर के पीछे जंगल में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म,…
सेमीकंडक्टर हब बनने की राह पर भारत: अश्विनी वैष्णव की चेतावनी- साइबर हमले, दुष्प्रचार और…
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 34 IAS अधिकारियों का तबादला, 14 जिलों को मिले नए…