हिमाचल : नूरपुर में दवा फैक्टरी सील, बिना लाइसेंस चल रहे उद्योग पर हुई कार्रवाई
“नूरपुर क्षेत्र के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई। ड्रग लाइसेंस विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान एक दवा फैक्टरी पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में अवैध दवाइयां बरामद कीं। विभाग की टीम को मौके से लगभग 23 हजार इंजेक्शन बिना लाइसेंस के तैयार किए गए मिले”
नूरपुर 20 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
जांच के उपरांत पाया गया कि इस फैक्टरी का लाइसेंस दिसंबर 2024 में ही निरस्त कर दिया गया था। इसके बावजूद फैक्टरी संचालक चोरी छिपे दवाइयों का निर्माण कर रहे थे।
ड्रग इंस्पेक्टर प्यार चंद ठाकुर ने बताया कि विभाग द्वारा पहले ही कंपनी को चेतावनी दी गई थी कि लाइसेंस निरस्त होने के बाद किसी भी प्रकार की दवाइयों का निर्माण अवैध होगा। इसके बावजूद कंपनी ने नियमों को दरकिनार कर उत्पादन जारी रखा।
निरीक्षण के दौरान जब टीम ने फैक्टरी में चल रही गतिविधियों को देखा, तो तुरंत फैक्टरी को सील कर दिया गया। इस पूरे मामले में विभाग ने 18 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से बनाई जा रही दवाइयां लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकती थीं। विभाग ने साफ किया है कि स्वास्थ्य सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











