“मकान के सभी 16 कमरे जल कर हुए राख तीनों भाई मेहनत मजदूरी कर करते थे परिवार का पालन पोषण राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर किया नुकसान का आकलन डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने की मामले की पुष्टि, कहा- पुलिस कर रही मामले की जांच”
मंडी 11 / 09 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
मंडी जिला की निहरी तहसील के तहत आने वाली ग्राम पंचायत पौड़ाकोठी के मशेरन गांव में तीन भाईयों का स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया है।
घटना सोमवार देर रात करीब 12 बजे के आसपास पेश आई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
मकान में आग लगने से तीनों भाइयों का लाखों रुपए का नुकसान हो गया है। राजस्व विभाग द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार पौड़ाकोठी के मशेरन गांव में उस समय आग भड़क गई जब पूरा परिवार घर पर सो रहा था।
जैसे ही परिवार के एक सदस्य को आग लगने का पता लगा तो उन्होंने तुरंत सभी सदस्यों को घर से बाहर निकलने को कहा।
घटना का पता चलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक 16 कमरों का पूरा मकान पूरी तरह से जलकर राख हो चुका था।
मकान में इंद्र देव, रघु नाथ और रमेश कुमार का परिवार रहता था। घटना के बाद परिवार के लोगों के पास सिर्फ तन पर पहने कपड़ों के सिवाय और कुछ भी शेष नहीं रह गया है।
तीनों भाई मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। अब इस अग्निकांड से इन पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आंकलन करने में जुट गई है।
वहीं, पुलिस ने भी मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी मंडी के सोशल इमरजेंसी रिस्पांस वालंटियर दिले राम ने बताया कि रात करीब 12 बजे के आसपास मकान में आग लगी जिस कारण पूरा मकान जल कर राख हो गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस टीम और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।