हिमाचल / मंडी समाचार – मस्जिद विवाद को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, पुलिस ने बढ़ाई गश्त

“वाहनों की जांच करती पुलिस “

“प्रदेश के जिला मुख्यालय मंडी में मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हुए प्रदर्शन के बाद उपजे हालात को देखते हुए मंडी शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा”

मंडी 12 सितम्बर 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट 

हिमाचल प्रदेश के जिला मुख्यालय मंडी में मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हुए प्रदर्शन के बाद उपजे हालात को देखते हुए मंडी शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

इसके अलावा पुलिस ने गश्त भी बढ़ा दी गई है। इस प्रदर्शन के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं और लगातार इनपुट जुटा रही हैं।

विरोध प्रदर्शन के बाद विशेष समुदाय  के लोग सत्यापन और पंजीकरण के लिए बुधवार को शहरी पुलिस चौकी में पहुंचे।

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी पुलिस कानून व्यवस्था पुख्ता रखने के लिए योजना बना रही है। ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।

मस्जिद में अवैध निर्माण को लेकर आयुक्त के न्यायालय में सुनवाई हो रही है। इस मामले में गठित सब कमेटी 12 सितंबर यानि आज रिपोर्ट पेश करेगी। इस रिपोर्ट में क्या खुलासा होगा, इसके बाद भी माहौल गरमाने के आसार हैं।

ऐसे में पुलिस पहले से ही पुख्ता इंतजाम करने में जुट गई है। प्रदर्शनकारी गोपाल कपूर ने विशेष समुदाय के लोगों को अधिक किराये के लालच में मकान देने का आरोप लगाया। 

इसके बाद बुधवार को समुदाय विशेष के लोग पंजीकरण करवाने के लिए पहुंचे। नगर निगम मंडी के एसडीओ एचसी जस्वाल ने बताया कि सब कमेटी अपनी रिपोर्ट वीरवार को आयुक्त को सौंपेगी।

कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए योजना बनाई गई है। पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। कहां कितना पुलिस बल तैनात रहेगा, यह जानकारी साझा नहीं की जा सकती है। हर तरह से पुलिस सतर्क है। -साक्षी वर्मा, एसपी मंडी

 

पांवटा, चंबा, जोगिंद्रनगर और धर्मशाला में भी प्रदर्शन सोलन-शिमला के बीच नाके लगा वाहनों की जांच

 शिमला में मस्जिद विवाद और लाठीचार्ज के विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने बुधवार को पांवटा साहिब, चंबा, जोगिंद्रनगर और धर्मशाला में धरना प्रदर्शन किए।

पांवटा के लघु सचिवालय के बाहर जमकर नारेबाजी की गई। प्रदेश में बांग्लादेशी और रोहिंग्या की घुसपैठ को बंद करने की मांग रखी गई।

धरना-प्रदर्शन के बाद एसडीएम पांवटा के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।धर्मशाला में देवभूमि संघर्ष समिति के बैनर तले विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन कर अवैध रूप से रह रहे बाहरी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

वहीं, देवभूमि संघर्ष समिति कांगड़ा के पदाधिकारियों ने भी बुधवार को प्रदेश में बाहरी लोगों की गतिविधियों को रोकने के लिए मुख्यमंत्री को एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजा।

उधर, संजौली में मस्जिद मामले में प्रदर्शन को लेकर प्रदेशभर से हिंदू संगठनों ने कूच किया। ऐसे में प्रदर्शनकारी शिमला न पहुंच सकें, इसके लिए पुलिस ने जगह-जगह नाके लगाए थे।