हरियाणा : गुरुग्राम में भारी बारिश से कई जगह जलजमाव, हेल्प लाइन नंबर हुआ जारी

“गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय कर रखा है। इसके तहत मशीनरी, मानव संसाधन और हेल्पलाइन की व्यवस्था की गई है”

गुरुग्राम 01 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

सोमवार को हुई भारी बारिश के चलते गुरुग्राम के कई हिस्सों में भीषण जलभराव हुआ है। इस बारिश के चलते कई हिस्सों में जनजीवन पर बुरा असर पड़ा। शाम होने के साथ ही लोगों की मुश्किल और बढ़ गई।

क्योंकि दफ्तर का काम खत्म करके घर को जाने वाले लोगों को जाम से जूझना पड़ा। कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। ऐसे में पुलिस को भी जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

बारिश में जल भराव की स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए प्रशासन ने टीमें तैनात की हैं। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय कर रखा है।

इसके तहत मशीनरी, मानव संसाधन और हेल्पलाइन की व्यवस्था की गई है, ताकि बारिश के समय जलभराव की स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।  

इस योजना के तहत नरसिंहपुर, खांडसा चौक, बसई चौक, राजीव चौक और ताऊ देवीलाल स्टेडियम जैसे जलभराव वाले प्रमुख स्थानों पर भारी वर्षा के दौरान पानी निकासी के लिए पर्याप्त पंपिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।

इसके साथ ही, शहर में स्थिति के अनुसार मोबाइल ट्रैक्टर-माउंटेड पंप-सेट और सक्शन टैंकर भी तैनात करने के लिए तैयार रखे गए हैं। मुख्य सड़कों से वर्षा जल की त्वरित निकासी के लिए जीएमडीए ने शहर में ड्रेन इनलेट और  जल निकासी नेटवर्क की नियमित सफाई के लिए विशेष मैन पावर की टीम लगाई हुई है।

बाढ़ नियंत्रण कार्यालय न केवल ड्रेनों की कार्यक्षमता पर निगरानी रखता है बल्कि क्षेत्रीय कार्यों का समन्वय भी करता है। संवेदनशील स्थानों की स्थिति पर नज़र रखने और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटान के लिए दल 24 घंटे तैनात किए गए हैं।  

जीएमडीए की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-180-1817 और 01244753555 भी उपलब्ध है, जहां निवासी जलभराव या बाढ़ से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों को तुरंत संबंधित टीमों को भेजा जाता है ताकि शीघ्र समाधान किया जा सके।