गुजरात : 2 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी, साबरकांठा के कई इलाकों में भरा पानी
“गुजरात के सभी जिलों को 2 सितंबर तक भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है”
अहमदाबाद 31 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में शनिवार और रविवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुजरात के सभी जिलों को 2 सितंबर तक गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने गुजरात के खेड़ा, आणंद, पंचमहल, दाहोद और वडोदरा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। रविवार के पूर्वानुमान में महिसागर, छोटा उदयपुर, नर्मदा, सूरत, डांग, तापी, नवसारी, वलसाड, दमन और दादरा एवं नगर हवेली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, राज्य में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अरावली, अहमदाबाद, महिसागर, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, तापी, नवसारी, वलसाड और कच्छ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
सुरेंद्रनगर, राजकोट, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ, बोटाद और दीव में तेज बरसात होगी। इसके साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
पिछले 24 घंटे के दौरान पंचमहल, तापी और साबरकांठा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई। इससे कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। साबरकांठा के हिम्मतनगर में चार पहिया वाहन पानी में डूब गए। बारिश का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नगरपालिका को ज्ञापन देने के बावजूद, नगरपालिका बारिश के पानी की निकासी करने में विफल रही। बारिश में नगर पालिका क्षेत्र की सड़कें और नालियां धराशायी हो गईं।











