ग्रेटर नोएडा : हॉस्टल के कमरे में 2 छात्रों ने एक-दूसरे को गोली मारी
“दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में 2 छात्रों के बीच निजी कॉलेज के हॉस्टल के कमरे में गोलीकांड हो गया है। दोनों छात्रों ने एक-दूसरे को गोली मार दी है। इस घटना में एक MBA छात्र की मौत हो गई है और दूसरा पीजीडीएम छात्र गंभीर रूप से घायल है”
ग्रेटर नोएडा 09 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
मामला ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क इलाके का है। ग्रेटर नोएडा में निजी कॉलेज हॉस्टल के कमरे में गोलीकांड हुआ है। दो छात्रों ने आपस में गोली मारी है। कमरे का गेट अंदर से बंद था, सिक्योरिटी गार्ड ने कराहने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचा।
वार्डन और सिक्योरिटी गार्ड ने पीछे से बालकनी का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला। यहां MBA छात्र दीपक कुमार मृत पाया गया और पीजीडीएम छात्र देवांश चौहान गंभीर रूप से घायल है।
घायल छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मौके से लाइसेंसी रिवॉल्वर, 4 जिंदा कारतूस, 2 खोखे, मोबाइल और लैपटॉप बरामद हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस घटना की सभी एंगल से जांच कर रही है।











