जौनपुर किसान मौत मामला और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
जौनपुर: खेत की बाड़ में दौड़े करंट से किसान की दर्दनाक मौत, 10 घंटे के भारी हंगामे के बाद माने परिजन “
जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई बाड़ में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय किसान रामलाल गौतम की मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने शव उठाने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट गए।
करीब 10 घंटे तक चले भारी हंगामे और मुआवजे व कार्रवाई के ठोस आश्वासन के बाद ही रात 3 बजे शव को अंतिम संस्कार के लिए उठाया जा सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह पूरी घटना सराय दुर्गादास गांव की है। मृतक के बड़े भाई संतोष गौतम ने बताया कि रामलाल गौतम गांव के ही जनार्दन मिश्रा का खेत किराये पर लेकर उसमें धान की बेहन (नर्सरी) डालने की तैयारी कर रहे थे।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे जब रामलाल खेत में काम करने पहुंचे, तभी वह पास ही स्थित प्रमोद मिश्रा के सब्जी के खेत के चारों तरफ लगाई गई लोहे के तारों की बाड़ की चपेट में आ गए।
इस बाड़ में जानलेवा करंट दौड़ रहा था। बुरी तरह झुलसे रामलाल को परिजन तुरंत कोल्हुआ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शाम करीब 7 बजे जब परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 20 लाख रुपये का मुआवजा, आवास और कृषि पट्टा दिए जाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महराजगंज, सुजानगंज, तेजी बाजार और सिंगरामऊ समेत पांच थानों की भारी पुलिस फोर्स और बदलापुर के क्षेत्राधिकारी (CO) मौके पर पहुंच गए।
रातभर चले इस गतिरोध को खत्म करने के लिए बदलापुर के तहसीलदार योगेंद्र पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया। प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया कि:
मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी।
मृतक के नाबालिग बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च ‘मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना’ के तहत सरकार उठाएगी।
परिवार को कृषि पट्टा आवंटित किया जाएगा।
मृतक की पत्नी को नजदीकी प्राथमिक विद्यालय में रसोईया के पद पर प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति दी जाएगी।
इस ठोस आश्वासन के बाद रात करीब 3 बजे परिजनों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने शव को अंतिम संस्कार के लिए पुलिस को सौंपा।
इस दुखद घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतक की पत्नी माधुरी बेसुध हैं। बुजुर्ग पिता जय करन और माता कर्मा देवी के बुढ़ापे की लाठी छिन गई है।
रामलाल का युवा बेटा शिवा, जो हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास कर कोल्हापुर (महाराष्ट्र) की एक निजी कंपनी में काम करने गया था, पिता की मौत की मनहूस खबर सुनकर वापस घर लौट रहा है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है।
यूपी में भारी बारिश पर सीएम योगी सख्त: 24 घंटे में मुआवजे का निर्देश, त्योहारों…
इसरो का महा-अलर्ट: अक्टूबर से दिसंबर तक 3 विनाशकारी चक्रवातों का खतरा, 44 साल का…
वाराणसी और पूर्वांचल बुलेटिन: हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं ठप, जौनपुर गोलीकांड में दबिश तेज, गंगा…
राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल: शुक्रवार को ठप रहेंगी सेवाएं, 5-दिवसीय कार्य सप्ताह और पेंशन सुधार पर…
गोंडा में सोशल मीडिया पोस्ट विवाद में व्यापारी की नृशंस हत्या, मंत्री के धरने के…
बिहार में बाढ़ का कहर: 14 जिलों की 43 लाख आबादी प्रभावित, 951 कम्युनिटी किचन…