दिल्ली : पानी के बिल को लेकर जल मंत्री प्रवेश वर्मा का बड़ा ऐलान

“दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्रदेश में पानी के बढ़े हुए बिल को माफ करने के लिए योजना लाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि बिलिंग सिस्टम का भी पुनर्गठन किया जा रहा है”

नई दिल्ली 03 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

दिल्ली सरकार जल्द ही जनता को खुशखबरी देने जा रही है। दिल्ली के जलमंत्री प्रवेश वर्मा ने सोमवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि सरकार जल्द ही पानी के बढ़े हुए बिलों की समस्या का समाधान करने के लिए एक योजना लाने जा रही है।

दरअसल, दिल्ली के कई निवासियों ने अनुचित बिल आने को लेकर शिकायत की है। इसी को देखते हुए प्रवेश वर्मा ने ये बड़ा ऐलान किया है। आइए जानते हैं कि उन्होंने इस बारे में और क्या कुछ कहा है।

कितना बिल होगा माफ?

दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोमवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा- “हम जल्द ही एक बिल माफी योजना को शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। इस योजना के तहत सभी घरेलू बिल का समाधान किया जाएगा।

साथ ही बिल में करीब 90 फीसदी की कमी की जाएगी। बिलिंग सिस्टम का भी पुनर्गठन किया जा रहा है और इसके लिए सॉफ्टवेयर भी डेवलप किया जा रहा है। कुछ तकनीकी मुद्दे हैं, जिन पर काम किया जा रहा है।”

दिल्ली में कितने रजिस्टर्ड उपभोक्ता हैं?

दिल्ली के घरों में पानी की आपूर्ति करने की जिम्मेदारी दिल्ली जल बोर्ड के पास है। जानकारी के मुताबिक, जल बोर्ड के पास करीब 29 लाख रजिस्टर्ड उपभोक्ता हैं। इनमें से कई निवासियों ने शिकायत की है कि उनके पास अनुचित बिल आ रहे हैं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने ये बड़ा ऐलान किया है।

जलजमाव के मुद्दे पर क्या बोले प्रवेश वर्मा?

प्रवेश वर्मा ने जानकारी दी है कि साल 2027 तक दिल्ली की सभी अनधिकृत कॉलोनियों में सीवर लाइनें होंगी। दिल्ली जल बोर्ड आने वाले समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर के लिए एक अवजल मास्टर प्लान पर भी काम कर रहा है। इसके लिए टेंडर भी जारी किया जाएगा। प्रवेश वर्मा के पास दिल्ली सरकार का PWD विभाग भी है।

उन्होंने जानकारी दी है कि दिल्ली में जलजमाव के समाधान के लिए ऐसी जगहों पर एक्स्ट्रा पंप लगाए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली के 35 फीसदी नालों की सफाई हो गई है। बाकी के नालों की सफाई के लिए 15 जून तक की तारीख तय की गई है।