दिल्ली : जानिए ! 15 अगस्त को सुबह कितने बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो?

“15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर लाल किले पर आयोजित समारोह में आने-जाने वालों के लिए दिल्ली मेट्रो की तरफ से खास इंतजाम किए गए हैं। इस दिन के लिए DMRC ने परिचालन का टाइम शेड्यूल जारी कर दिया है”

नई दिल्ली 14 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) 2025 को दिल्ली मेट्रो की सर्विस सुबह 4 बजे से शुरू हो जाएगी। यह सर्विस सभी लाइनों पर शुरू होगी। दिल्ली मेट्रो स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथियों, आमंत्रितों और आम जनता की सुविधा के लिए यह पहल कर रही है। 

कितनी देर की अंतराल पर चलेगी मेट्रो?

DMRC ने इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की है। इसके मुताबिक सुबह 4 बजे से 6 बजे तक हर आधे घंटे के अंतराल पर दिल्ली मेट्रो की सर्विस उपलब्ध रहेगी। 6 बजे के बाद दिल्ली मेट्रो अपने नियमित समय सारिणी का पालन करते हुए परिचालन करेगी। 

विशेष क्यूआर टिकट

जिन लोगों के पास स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के लिए रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी किया गया वास्तविक निमंत्रण पत्र होगा, उन्हें डीएमआरसी द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष क्यूआर टिकटों का उपयोग करके समारोह स्थल तक आने-जाने की सुविधा प्रदान की जाएगी।

इन लोगों से इस यात्रा पर कोई किराया नहीं लिया जाएगा। इस यात्रा की लागत रक्षा मंत्रालय द्वारा वहन किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय द्वारा ही डीएमआरसी को इस यात्रा लागत की प्रतिपूर्ति की जाएगी।