सीएम योगी का सख्त आदेश: श्रमिकों की समस्याओं का 24 घंटे में हो समाधान, उपद्रवियों पर कसेगा शिकंजा
सीएम योगी का सख्त निर्देश: औद्योगिक श्रमिकों की समस्याओं का 24 घंटे में हो समाधान, उपद्रव फैलाने वाले बाहरी तत्वों पर कसेगा शिकंजा
लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के हालिया प्रदर्शनों और उनकी समस्याओं का कड़ा संज्ञान लिया है।
शनिवार को राजधानी लखनऊ में शीर्ष अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक संगठनों, उद्योग प्रतिनिधियों और इकाई प्रबंधन से तत्काल बातचीत कर 24 घंटे के भीतर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
श्रमिकों के अधिकारों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री ने बैठक में दोटूक शब्दों में कहा कि किसी भी श्रमिक के अधिकारों के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों को सम्मानजनक मानदेय समय पर मिलना चाहिए और अतिरिक्त कार्य (Overtime) के लिए उन्हें नियमानुसार उचित पारिश्रमिक दिया जाए।
सीएम योगी ने औद्योगिक इकाइयों की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण, स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय, विश्रामगृह, बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना हर औद्योगिक इकाई का अनिवार्य कर्तव्य है।
इसके अलावा, उन्होंने कार्य के घंटों का नियमन, महिला श्रमिकों की विशेष सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बाहरी और विघटनकारी तत्वों पर होगी कठोर कार्रवाई
हालिया कर्मचारी प्रदर्शनों को लेकर मुख्यमंत्री ने खुफिया तंत्र (Intelligence Network) को पूरी तरह से सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार बाहरी और अवांछित तत्व खुद को श्रमिकों का प्रतिनिधि बताकर औद्योगिक क्षेत्रों में अव्यवस्था और हिंसा फैलाने का प्रयास करते हैं।
हाल के कुछ प्रदर्शनों में ऐसे विघटनकारी तत्वों के शामिल होने की आशंका है। सीएम ने पुलिस और प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि ऐसे भड़काऊ तत्वों को तुरंत चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इन औद्योगिक जिलों के अधिकारियों को विशेष सतर्कता के निर्देश
बैठक में सीएम योगी ने विशेष रूप से गौतमबुद्ध नगर (नोएडा/ग्रेटर नोएडा), गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, वाराणसी और गोरखपुर के जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है।
इसके साथ ही यूपीसीडा (UPSIDA), नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और औद्योगिक इकाइयों के साथ नियमित संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री राकेश सचान तथा श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।










