PM की अपील पर CM योगी का एक्शन, मंत्रियों का काफिला आधा
यूपी में PM मोदी की अपील पर CM योगी का ‘मेगा एक्शन’: मंत्रियों का काफिला होगा आधा, WFH और ‘नो व्हीकल डे’ लागू करने के कड़े निर्देश”
लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
दुनिया भर में मचे आर्थिक और भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान को उत्तर प्रदेश में धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमर कस ली है।
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों और सरकारी तंत्र से ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक सोने की खरीद से बचने और स्वदेशी को बढ़ावा देने की पुरजोर अपील की है।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के प्रमुख सचिवों के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में शासन-प्रशासन की कार्यशैली में बड़े बदलाव लाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
VVIP फ्लीट में 50% की कटौती और ‘वर्क फ्रॉम होम’ पर जोर
मुख्यमंत्री ने सरकारी खर्च और ईंधन बचाने के लिए सबसे पहले खुद से और अपनी सरकार से शुरुआत की है।
काफिला होगा छोटा: सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य वीवीआईपी के काफिले (Fleet) में तत्काल प्रभाव से 50 प्रतिशत की कमी की जाए और अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए।
वर्क फ्रॉम होम (WFH): औद्योगिक संस्थानों, बड़े स्टार्टअप्स और जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी काम करते हैं, वहां ‘वर्क फ्रॉम होम’ की संस्कृति को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए राज्य स्तर पर सप्ताह में 2 दिन WFH की एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्चुअल बैठकें: सरकारी बैठकों, सेमिनारों और राज्य सचिवालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें अब वर्चुअली (Online) आयोजित की जाएंगी।
हफ्ते में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का करें इस्तेमाल
ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सीएम योगी ने जनप्रतिनिधियों से भी बड़ी अपील की है:
मंत्री, सांसद और विधायक सप्ताह में कम से कम एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें।
सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ आयोजित किया जाए, जिससे सरकारी कर्मचारी और छात्र भी जुड़ें।
पीक ऑवर (Peak Hour) में जाम और ईंधन की बर्बादी रोकने के लिए कार्यालयों के समय को अलग-अलग बैचों (Staggered Timings) में बांटा जाए।
विदेशी यात्राओं पर ब्रेक, ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ के लिए यूपी है तैयार
मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अगले छह महीने तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राएं न करें।
सीएम ने नागरिकों और वेडिंग प्लानर्स से अपील की है कि वे विदेश जाने के बजाय यूपी के ऐतिहासिक किलों, हेरिटेज साइट्स और ईको साइट्स पर ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ (Destination Wedding) करें।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान शुरू किया जाएगा और दुनिया भर में रह रहे यूपी के प्रवासियों को राज्य में आने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सेहत और अर्थव्यवस्था: खाने में तेल कम करें, सोने की न हो अनावश्यक खरीद
प्रधानमंत्री की अपील को दोहराते हुए सीएम योगी ने कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार बचाने और स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए खाद्य तेल का उपयोग कम करना बेहद जरूरी है।
जेल, पुलिस मेस, सरकारी कैंटीन, छात्रावास और मिड-डे मील में कम तेल के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अनावश्यक सोने (Gold) की खरीद से बचने का भी आग्रह किया है। इसके लिए प्रशासन स्थानीय ज्वेलर्स के साथ संवाद करेगा।
स्वदेशी और ऊर्जा बचत
त्योहारों और शादियों में ओडीओपी (ODOP) और जीआई (GI) टैग वाले स्वदेशी उत्पादों को उपहार में देने की अपील की गई है।
इसके साथ ही ऊर्जा बचाने के लिए रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम प्रयोग करने, पीएनजी (PNG) नेटवर्क का विस्तार करने और ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में हर नागरिक को सावधानी बरतनी होगी और राष्ट्रहित में इन आदतों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा।
यूपी में भारी बारिश पर सीएम योगी सख्त: 24 घंटे में मुआवजे का निर्देश, त्योहारों…
इसरो का महा-अलर्ट: अक्टूबर से दिसंबर तक 3 विनाशकारी चक्रवातों का खतरा, 44 साल का…
वाराणसी और पूर्वांचल बुलेटिन: हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं ठप, जौनपुर गोलीकांड में दबिश तेज, गंगा…
राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल: शुक्रवार को ठप रहेंगी सेवाएं, 5-दिवसीय कार्य सप्ताह और पेंशन सुधार पर…
गोंडा में सोशल मीडिया पोस्ट विवाद में व्यापारी की नृशंस हत्या, मंत्री के धरने के…
बिहार में बाढ़ का कहर: 14 जिलों की 43 लाख आबादी प्रभावित, 951 कम्युनिटी किचन…