Bulandshahr Double Murder

बुलंदशहर: अवैध संबंध के शक में बेटे ने की पिता-पत्नी की हत्या

बुलंदशहर: रिश्तों का कत्ल, अवैध संबंध के शक में बेटे ने पिता और पत्नी को गोलियों से भूना”

बुलंदशहर: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक दिल दहला देने वाली और पवित्र पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर देने वाली वारदात सामने आई है।

जिले के थाना खुर्जा नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कलंदरगढ़ी गांव में एक युवक ने अपनी ही पत्नी और पिता की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।

इस दोहरे हत्याकांड (Double Murder) से पूरे इलाके में भारी सनसनी और दहशत फैल गई है।सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी (SSP) बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लाइसेंसी पिस्टल से दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कलंदरगढ़ी गांव के रहने वाले मोमिन नाम के युवक ने इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया है।

आरोपी मोमिन ने अपने पिता रियाजुद्दीन की ही लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल करते हुए पिता और अपनी पत्नी सना पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

इस जानलेवा हमले में रियाजुद्दीन को दो गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं, गंभीर रूप से घायल पत्नी सना को पुलिस और परिजनों की मदद से तत्काल पास के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान सना ने भी दम तोड़ दिया।

क्या था हत्या का कारण?

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला सच सामने आया है कि आरोपी मोमिन को शक था कि उसकी पत्नी सना और पिता रियाजुद्दीन के बीच ‘अवैध संबंध’ हैं।

इसी गहरे शक और संदेह को लेकर परिवार के भीतर पहले भी कई बार तीखा विवाद हो चुका था। परिजनों और अन्य रिश्तेदारों ने कई बार बैठकर मोमिन को समझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन उसके सिर पर शक का भूत सवार था।

आखिरकार इसी शक के चलते मोमिन ने यह खौफनाक कदम उठा लिया और अपना ही घर उजाड़ दिया।

आरोपी मोमिन पुलिस की गिरफ्त में

वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोमिन को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है।

इसके अलावा पुलिस की फील्ड यूनिट (Forensic Team) मौके से सभी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “मोमिन ने अपने पिता के लाइसेंसी हथियार से पिता और पत्नी को गोली मारी है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे घटना के हर पहलू पर गहनता से पूछताछ की जा रही है।”