Budget 2024: बजट में किस सेक्टर को क्या मिला? किसान से लेकर बुजुर्गों तक को क्या-क्या हुआ फायदा?
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज 23 जुलाई को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला आम बजट पेश किया। इस बजट में किसानों, बुजुर्ग, युवाओं और महिलाओं पर फोकस किया गया है।
बजट में रक्षा सेक्टर और रेलवे सेक्टर को छोड़कर हर विभाग को कुछ-न-कुछ मिला है। शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास क्षेत्र, कृषि क्षेत्र समेत हर सेक्टर के लिए कई ऐलान किए गए हैं। आइए जानें बजट में किस सेक्टर को क्या-क्या मिला है?
Budget 2024 sector-wise: बजट में किस सेक्टर में क्या मिला? Agriculture sector: कृषि क्षेत्र को क्या मिला?
कृषि और उससे जुड़े सेक्टरों के लिए 1.52 लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं। अगले दो वर्षों में एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती (natural farming) के तरीकों से परिचित कराया जाएगा। समग्र उत्पादन में सुधार के लिए बड़े पैमाने पर सब्जी उत्पादन क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे। सरकार खासकर कृषि क्षेत्र के लिए डिजिटल एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस करेगी।
Education, employment, and skilling sector: शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास क्षेत्र क्या मिला?
2024-25 के केंद्रीय बजट में देश में शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए 1.48 लाख करोड़ आवंटित किए जाएंगे। घरेलू संस्थानों में हायर एजुकेशन के लिए 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाएगा। ये 3 फीसदी ब्याज दर पर हर साल ई-वाउचर के जरिए 1 लाख छात्रों को दिया जाएगा। सरकार हब-एंड-स्पोक मॉडल का उपयोग करके 1,000 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को अपग्रेड करेगी, पाठ्यक्रम सामग्री को उद्योग कौशल आवश्यकताओं के साथ संरेखित करेगी और मॉडल कौशल ऋण योजना को संशोधित करेगी। अगले पांच वर्षों में 20 लाख युवाओं को कौशल प्रदान किया जाएगा।
Rail and Defence sector: रक्षा और रेलवे विभाग को क्या मिला?
रक्षा बजट इस बार अंतरिम बजट का एक्सटेंशन है। सेना को खर्च के लिए 6,21,940 करोड़ रुपये दिए गए हैं। यानी अंतरिम बजट से महज 400 करोड़ बढ़ाए गए हैं। 2024-25 के केंद्रीय बजट में रेलवे कोई खास घोषणा नहीं की गई है। निर्मला सीतारमण ने बजट में रेल बजट का तो जिक्र भी नहीं किया है।
Infrastructure and Social Development sector: इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए क्या?
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में सरकार ने ज्यादातर घोषणाएं बिहार और आंध्र प्रदेश के लिए की गई है। पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे, बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे का विकास, बक्सर में गंगा नदी पर पुल बनाने की घोषणा की गई है। बजट में बिहार को विभिन्न योजनाओं के तहत 58900 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसमें से 26 हजार करोड़ रुपये का फंड बिहार के अंदर सड़कों का जाल बिछाने के लिए हैं। बाढ़ नियंत्रण के लिए 11500 करोड़ रुपये और पावर प्लांट के लिए 21400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
Housing sector: हाउसिंग सेक्टर के लिए क्या दिया गया है?
पीएम आवास योजना के तहत 3 करोड़ घर, शहरी और ग्रामीण भारत में बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण विकास के लिए इस वर्ष 2.66 करोड़ रुपये का ऐलान हुआ है। 1 करोड़ गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को घर बनाया जाएगा। इसके लिए 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश है।
Income Tax: टैक्ट स्लैब को लेकर बजट में क्या-क्या?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने न्यू टैक्स रिजीम के तहत 15 लाख सालाना इनकम पर 20 प्रतिशत का टैक्स देने की बात कही है। अगर इससे ज्यादा होगा तो 30 फीसदी का टैक्स लागू होगा। सरकार ने स्टैंडर्ड डिडक्शन भी बड़ा दिया है। वहीम अब स्टैंडर्ड डिडक्शन को 50 हजार सालाना से बढ़ाकर 75000 रुपये कर दिया गया है।
Health Sector: हेल्थ सेक्टर को क्या-क्या मिला?
केंद्रीय बजट 2024-25 में स्वास्थ्य मंत्रालय को 90958.63 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मंत्रालय को 2023-2024 के बजट (संशोधित अनुमान) में 80,517.62 करोड़ रुपये की तुलना में 12.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 90958.63 करोड़ रुपये में से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को 87656.90 करोड़ रुपये और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग को 3301.73 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।











