स्कूल में अश्लील वीडियो देखते पकड़ा गया शिक्षक, BSA ने किया सस्पेंड
जौनपुर: स्कूल में मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहे थे गुरुजी, बच्चों से कराते थे निजी काम; BSA ने किया सस्पेंड”
जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है।
यहां एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को स्कूल समय के दौरान बच्चों को पढ़ाने के बजाय मोबाइल पर अशोभनीय (अश्लील) वीडियो देखना भारी पड़ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने आरोपी सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।
आरोपी शिक्षक पर यह भी आरोप है कि वह विद्यालय के कार्यों में घोर लापरवाही बरतता था और मासूम स्कूली बच्चों से अपने निजी काम करवाता था।
ग्राम प्रधान की शिकायत पर हुआ भंडाफोड़
यह पूरा मामला जौनपुर के विकास खंड सिरकोनी के अंतर्गत आने वाले कंपोजिट विद्यालय, बीबीपुर का है।
कार्यालय आदेश के मुताबिक, गांव के प्रधान ने इस शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर 23 जुलाई को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक प्रदीप कुमार सिंह ड्यूटी के समय मोबाइल पर अशोभनीय वीडियो देख रहे थे।
बच्चों से करवाते थे अपनी ‘सेवा’
जांच रिपोर्ट में केवल वीडियो देखने की ही बात सामने नहीं आई, बल्कि शिक्षक प्रदीप कुमार सिंह पर अपने पद का दुरुपयोग करने के भी गंभीर आरोप लगे हैं।
वह विद्यालय के रोजमर्रा के कामों में लापरवाही बरतते थे और बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे अपने निजी काम करवाते थे।
बीएसए कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, इस संबंधित शिक्षक के खिलाफ पहले भी कई बार शिकायतें मिल चुकी थीं।
लेकिन इस बार ग्राम प्रधान की शिकायत और निरीक्षण में रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद कड़ी कार्रवाई की गई।
जांच कमेटी गठित, दूसरे स्कूल से किया गया संबद्ध
आरोपों की गंभीरता और शिक्षा विभाग की छवि को हुए नुकसान को देखते हुए बीएसए ने शुक्रवार की शाम 7 बजे तत्काल प्रभाव से प्रदीप कुमार सिंह को निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान आरोपी शिक्षक को विकास खंड सिरकोनी के ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कादीपुर से संबद्ध (Attach) कर दिया गया है।
इस पूरे मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी (करंजाकला) और खंड शिक्षा अधिकारी (सुजानगंज) को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
बीएसए ने स्पष्ट किया है कि जांच अधिकारियों की विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ आगे की कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।











