बद्दी पुलिस का तस्करों पर प्रहार: गांजा तस्कर की 1.97 करोड़ संपत्ति फ्रीज
बद्दी पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी स्ट्राइक: गांजा तस्कर राहुल गुप्ता की 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज”
बद्दी: संतोष सेठ की रिपोर्ट : (THE POLITICS AGAIN)
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बद्दी पुलिस (Baddi Police) ने तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई की है।
पुलिस ने बिहार के सारण जिले के मूल निवासी और वर्तमान में बद्दी में रह रहे नशा तस्कर राहुल गुप्ता और उसके परिजनों के नाम पर अवैध रूप से अर्जित लगभग एक करोड़ 97 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज (Freeze) कर दिया है।
10 किलो गांजा बरामदगी से शुरू हुई थी जांच
पुलिस के अनुसार, साल 2025 में थाना बद्दी में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में आरोपी राहुल गुप्ता (पुत्र संतोष शाह) के कब्जे से 10 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया गया था।
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी और उसके परिवार से जुड़ी संपत्तियों की गहन ‘वित्तीय जांच’ (Financial Investigation) भी शुरू की थी।
फ्रीज की गई संपत्तियों का ब्यौरा
वित्तीय जांच में पुलिस ने पाया कि आरोपी ने नशे के अवैध कारोबार से अकूत संपत्ति जुटाई है। फ्रीज की गई संपत्तियों में शामिल हैं:
-
बद्दी के वार्ड नंबर 7 स्थित लक्ष्मी नारायण कॉलोनी में 6 बिस्वा भूमि और उस पर बना तीन मंजिला आलीशान भवन (कुल कीमत: 1 करोड़ 71 लाख 64 हजार 271 रुपये)।
-
24 लाख 69 हजार 725 रुपये कीमत की एक स्कॉर्पियो-एन (Scorpio-N) एसयूवी।
-
विभिन्न बैंक खातों में जमा 1 लाख 42 हजार 251 रुपये की नकदी।
कुल मिलाकर पुलिस ने 1,97,76,247 रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। सक्षम प्राधिकारी और प्रशासक (नई दिल्ली) द्वारा इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है।
अब अनुमति के बिना इस संपत्ति की खरीद-बिक्री या हस्तांतरण नहीं किया जा सकेगा।
तस्कर की मां भी नशे के कारोबार में शामिल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नशे का यह काला कारोबार पारिवारिक स्तर पर चल रहा था। आरोपी राहुल गुप्ता की मां भी इससे पहले नशे के कारोबार में पकड़ी जा चुकी हैं।
साल 2022 में बद्दी पुलिस ने उनके कब्जे से 824 ग्राम गांजा और अवैध देशी शराब बरामद की थी।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया है कि पुलिस की कार्रवाई केवल ड्रग्स पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी जब्त किया जा रहा है।











