Jaunpur Devar Bhabhi Murder

जौनपुर में ‘खूनी बदला’: देवर ने भाभी का गला रेता, भाई को भी मारने दौड़ा; वजह बनी ‘प्रेमिका की मां की आत्महत्या’

“उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक नृशंस घटना सामने आई है”

जौनपुर: “The Politics Again” सुनील कुमार की रिपोर्ट 

प्रेम प्रसंग और बदले की आग में एक युवक ने अपनी ही भाभी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, खून का प्यासा आरोपी अपने चचेरे भाई (मृतका के पति) को भी मारने के लिए दौड़ा, लेकिन वह अपनी 6 साल की मासूम बच्ची को गोद में लेकर भाग निकला, जिससे उनकी जान बच गई।

घटना का विवरण: ननिहाल में खूनी खेल

पुलिस के मुताबिक, सुल्तानपुर निवासी पवन कुमार मौर्या, उनकी पत्नी निशा मौर्या (28) और चचेरा भाई आदित्य मौर्या (25) सूरत में साथ रहते थे। 29 जनवरी को तीनों पवन के ननिहाल (ग्राम ख्वाजापुर, जौनपुर) आए थे।

  • वारदात: गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे जब पवन दवा लेने बाजार गया था, मौका पाकर आदित्य ने निशा पर चाकू से हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। निशा की मौके पर ही मौत हो गई।

  • भाई पर हमला: पवन जब घर लौटा, तो आदित्य खून से सने चाकू के साथ उसकी तरफ दौड़ा। पवन ने सूझबूझ दिखाई और अपनी बेटी को गोद में उठाकर वहां से भाग निकला।

हत्या की वजह: एक फोटो और सुसाइड

पुलिस की पूछताछ में आरोपी आदित्य ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है।

  • प्रेम प्रसंग: आदित्य मुंबई की एक लड़की से प्यार करता था।

  • भाभी का हस्तक्षेप: भाभी निशा को इस रिश्ते की भनक लग गई थी। निशा ने आदित्य और उसकी प्रेमिका की तस्वीरें लड़की के घरवालों को भेज दीं।

  • बदला: फोटो वायरल होने के बाद प्रेमिका के परिवार में कलह हुई और प्रेमिका की मां ने आत्महत्या कर ली। आदित्य इसी बात का बदला भाभी से लेना चाहता था। उसे लगता था कि प्रेमिका की मां की मौत की जिम्मेदार निशा ही है।

पुलिस कार्रवाई

पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भागने की फिराक में लगे आरोपी आदित्य को घर के पास से ही गिरफ्तार कर लिया।

उसकी निशानदेही पर नाले के किनारे छिपाया गया हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।