बिहार : प्रशांत किशोर का बांकीपुर में बड़ा ऐलान, 10 हजार युवाओं को नौकरी
प्रशांत किशोर का बांकीपुर में बड़ा ऐलान: 10 हजार युवाओं को रोजगार, शिक्षा और पेंशन पर किए अहम वादे”
पटना: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर (PK) ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया।
चुनाव जीतने के बाद जनता का आभार जताने निकले प्रशांत किशोर ने ‘आभार सभा’ के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और अपनी भविष्य की योजनाओं का खाका पेश किया।
इस दौरान उन्होंने युवाओं को रोजगार देने, भ्रष्टाचार खत्म करने और शिक्षा व्यवस्था सुधारने को लेकर कई बड़े और ऐतिहासिक ऐलान किए।
10 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी
युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने सबसे बड़ा दांव चला है। उन्होंने कहा, “कुछ लोगों को लग रहा था कि मैं चुनाव जीतने के बाद 4-5 दिनों से कहां हूं? मैं आपके ही काम में लगा था।”
PK ने घोषणा की कि क्षेत्र के जो भी बच्चे पढ़े-लिखे हैं, वे अपना बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा कराएं। उन्होंने तुरंत 10 हजार बच्चों की नौकरी की व्यवस्था करने का दावा किया।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार के किसी भी विधानसभा क्षेत्र के मुकाबले बांकीपुर के लोगों को सबसे ज्यादा रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि देश भर में उनके संपर्कों का इस्तेमाल कर वे बिहार के युवाओं को नौकरियां दिलाएंगे।
राशन और पेंशन के लिए मांगा 3 महीने का समय
यारपुर राजपूताना स्थित गोपाल शरण सिंह पथ पर सभा को संबोधित करते हुए पीके ने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने जनता से 3 महीने का समय मांगते हुए कहा:
- राशन में कोई घूसखोरी नहीं: अब राशन कार्ड बनवाने के लिए कोई 1 रुपये की घूस नहीं ले सकेगा। लाभुकों को 4 किलो की बजाय पूरा 5 किलो अनाज मिलेगा।
- बुजुर्गों को पेंशन: 60 वर्ष से अधिक उम्र के जिन बुजुर्गों को 1100 रुपये की पेंशन नहीं मिल रही है, वे कार्यालय में आवेदन दें। उनकी पेंशन सुनिश्चित करना अब विधायक की जिम्मेदारी है।
सरकारी स्कूल नहीं सुधरे तो प्राइवेट की फीस भरेंगे PK
शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि एक साल के अंदर या तो सरकारी स्कूलों की स्थिति बहुत अच्छी हो जाएगी, या फिर क्षेत्र के बच्चे प्राइवेट स्कूलों में पढ़ेंगे।
यदि ऐसा होता है, तो प्राइवेट स्कूल की फीस की पूरी जिम्मेदारी खुद प्रशांत किशोर उठाएंगे और अभिभावकों को खर्च की चिंता नहीं करनी होगी।
सम्राट चौधरी और सरकार पर तीखा प्रहार
प्रशांत किशोर ने सत्ता पक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के चुनाव परिणाम ने सरकार को झकझोर दिया है।
कल तक जो लोग एनकाउंटर की बात करते थे, आज वे पढ़ाई और रोजगार की बात करने को मजबूर हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि बीजेपी को हराने का ही नतीजा है कि मुख्यमंत्री अब शिक्षा की बात कर रहे हैं और सम्राट चौधरी का नेतृत्व से हटना भी तय है, चाहे वह आज हो या 6 महीने बाद।
झारखंड पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन पर समर्थन
झारखंड में पेपर लीक को लेकर हो रहे छात्रों के प्रदर्शन पर पीके ने कहा कि ध्वस्त शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी से परेशान छात्र सड़क पर उतरने को मजबूर हैं।
उन्होंने छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले नेताओं को दोषी ठहराते हुए कहा कि अब ये आवाज लाठियों से दबने वाली नहीं है।
शहीद को श्रद्धांजलि के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम
प्रशांत किशोर के कार्यक्रम की शुरुआत दशरथा स्थित शहीद राम गोविंद सिंह बालिका उच्च विद्यालय में श्रद्धांजलि सभा से हुई।
इसके बाद उन्होंने यारपुर राजपूताना, जक्कनपुर के हनुमान पथ और लंगरटोली चौक (वार्ड संख्या 40) के ग्रैंड पैलेस हॉल में आयोजित आभार सभाओं में हिस्सा लिया और जनता को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिया।











