दिल्ली विधानसभा में चावल घोटाले पर हंगामा, 8 AAP विधायक मार्शल आउट
दिल्ली विधानसभा में 22 हजार करोड़ के ‘चावल घोटाले’ पर भारी हंगामा, AAP के 8 विधायक मार्शल आउट”
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट
दिल्ली विधानसभा के सत्र में मंगलवार को कथित ‘चावल घोटाले’ को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला।
आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि गरीबों के लिए खरीदा गया राशन निजी कंपनियों को ऊंचे दामों पर बेच दिया गया है।
इस दौरान विधानसभा में 22 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का दावा किया गया। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को AAP के 8 विधायकों को मार्शल आउट (सदन से बाहर) करना पड़ा।
इसी बीच, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सदन में सीएजी (CAG) रिपोर्ट पर अपना बयान भी दर्ज कराया।
क्या है AAP का आरोप?
आम आदमी पार्टी के विधायकों का आरोप है कि सरकार ने भारतीय खाद्य निगम (FCI) से लगभग 23 रुपये प्रति किलो की दर से चावल खरीदा था।
यह चावल गरीबों में बांटा जाना था, लेकिन इसे दोगुने दामों पर निजी कंपनियों को बेच दिया गया। AAP नेताओं का दावा है कि इस योजना का एक दाना चावल भी गरीब जनता तक नहीं पहुंच सका है।
चावल की बोरियां लेकर सदन पहुंचे विधायक
सदन में अपने आरोपों को मजबूती से रखने के लिए AAP विधायक अपने साथ चावल की बोरियां लेकर पहुंचे थे। वे इस मुद्दे पर तुरंत चर्चा कराने की मांग कर रहे थे।
जब चर्चा की अनुमति नहीं दी गई, तो सदन में नारेबाजी और हंगामा शुरू हो गया। इसी दौरान AAP विधायक कुलदीप कुमार ने विरोध दर्ज कराते हुए विधानसभा अध्यक्ष के आसन की ओर चावल उछाल दिया।
इस अमर्यादित आचरण और बढ़ते हंगामे को देखते हुए स्पीकर ने मार्शलों को बुलाया और 8 विधायकों को सदन से निष्कासित कर दिया।
मंत्री सिरसा की चेतावनी- ‘कानूनी कार्रवाई करेंगे’
विधायकों को बाहर किए जाने के बाद जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तो दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने AAP के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
सिरसा ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए सख्त लहजे में कहा कि वे इस मामले को आसानी से नहीं जाने देंगे।
उन्होंने झूठे आरोप लगाने वाले AAP विधायकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
सिरसा ने कहा कि वे इन नेताओं को अदालत में ले जाएंगे और अरविंद केजरीवाल की तरह माफी मांगने पर मजबूर करेंगे।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि AAP के पास अब जनता से जुड़ा कोई असली मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगाकर सदन का कीमती समय बर्बाद कर रहे हैं।











